दुर्जय पासवान
Gumla: गुमला जिला अंतर्गत कामडारा थाना क्षेत्र के अरहरा गांव मोड़ और तुरबुल पेट्रोल पंप के बीच कामडारा-बेड़ो मुख्य पथ पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी. यह दर्दनाक घटना रविवार की शाम की है. मृतक युवकों में से एक की पहचान फिलमोन किंडो उम्र 18 वर्ष (पिता रंजीत किंडो) गांव सरईडीह बसिया निवासी और दूसरे युवक की पहचान आलोक तोपनो उम्र 14 वर्ष (पिता अनमोल तोपनो) कामडरा के टुरुण्डू डुमरटोली के रूप मे हुई है. बताया जा रहा कि मृतक युवक फिलमोन किंडो बसिया कॉलेज में इंटर की परीक्षा दे रहा था जो कुछ दिनों से टुरुण्डू डुमरटोली में आलोक तोपनो के घर पर रह रहा था.
घरवालों की नहीं मानी बात, चली गई जान
दोनों रविवार को बसिया जाने के लिये निकले थे. मृतक अलोक तोपनो के परिजनों ने आलोक से कहा था कि फिलमोन को बस चढ़ा देना और तुम पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर लौटना. परंतु दोनों गांव बकसपुर की ओर चले गये. वापसी के क्रम में गांव अरहरा मोड़ और कोटबो पेट्रोल पंप के बीच मुख्य पथ पर अज्ञात वाहन ठोकर मारकर दोनों को फरार हो गया. जिसके कारण फिलमोन किंडो की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. वहीं, घटना की खबर लगते ही कामडारा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दूसरे घायल युवक आलोक तोपनो को सीएचसी कामडारा मे भर्ती कराया.
इलाज के क्रम में अस्पताल में आलोक की भी मौत हो गयी. इधर कामडारा पुलिस ने उक्त दोनों शवों को अपने कब्जे में करने के उपरांत उक्त दोनों मृतकों के परिजनों को इसकी सूचना दी. खबर लगते ही दोनों मृतकों के परिजन कामडारा अस्पताल पहुंचे. उक्त हृदय विदारक घटना की खबर लगते ही दोनों मृतकों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.
ये भी पढ़ें…
