मुस्लिम धर्मावलंबियों ने निकाला मौन जुलूस

अंजुमन इस्लामिया के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपा. गुमला : नागरिकता संशोधन अधिनियम-2019 के विरोध में अंजुमन इस्लामिया गुमला के बैनर तले मुस्लिम धर्मावलंबियों ने शुक्रवार को गुमला शहर में मौन जुलूस निकाला. जुलूस थाना रोड से निकल कर टावर चौक, मेन रोड व जशपुर रोड होता हुआ सदर प्रखंड मुख्यालय […]

अंजुमन इस्लामिया के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपा.

गुमला : नागरिकता संशोधन अधिनियम-2019 के विरोध में अंजुमन इस्लामिया गुमला के बैनर तले मुस्लिम धर्मावलंबियों ने शुक्रवार को गुमला शहर में मौन जुलूस निकाला. जुलूस थाना रोड से निकल कर टावर चौक, मेन रोड व जशपुर रोड होता हुआ सदर प्रखंड मुख्यालय परिसर पहुंच कर संपन्न हो गया. यहां अंजुमन के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम गुमला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में उल्लेख है कि केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा और राज्यसभा में नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 बिल पेश किया, जिसे बहुमत के आधार पर पारित कराया गया. परंतु ज्ञात हो कि संविधान के प्रस्तावना में ही भारत को धर्म निरपेक्ष घोषित किया गया है और संविधान के अनुच्छेद-14 में स्पष्ट उल्लेखित है कि भारत में जाति, लिंग, धर्म के आधार पर नागरिकता नहीं दी जायेगी. वहीं संविधान के अनुच्छेद-15 में उल्लेख है कि भारत में सभी को समानता का अधिकार प्राप्त है.
इधर, मौजूदा नागरिकता संशोधन अधिनियम में प्रावधान लाया गया है कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के अल्पसंख्यकों को, जिसमें मुस्लिम समुदाय को छोड़ कर सभी जो भारत की नागरिकता की इच्छा रखेंगे या जो भारत में घुसपैठिये हैं, उसमें मुस्लिम को छोड़ कर गैर मुस्लिम को भारत की नागरिकता दी जायेगी.
यह प्रावधान संविधान के अनुच्छेद-21 एवं 22 का भी खुला उल्लंघन है. यह अधिनियम लाकर भारत के संविधान की प्रस्तावना में छेड़छाड़ की गयी है. एनपीआर से भी आम जन में भय व्याप्त है. अत: राष्ट्रपति से अनुरोध है कि देशहित में नागरिकता संशोधन अधिनियम-2019 को वापस लेने के लिए केंद्र सरकार को निर्देश दिया जाये.
जुलूस में ज्ञापन सौंपने वालों में अंजुमन के सदर मोहम्मद इरशाद आलम, सचिव मोहम्मद खुर्शीद आलम, प्रवक्ता मोहम्मद
आशिक अंसारी, नाजिम-ए-आला मोहम्मद खलील, चुनाव प्रभारी मोहम्मद जहीर खान, हाजी बाबर साहब, नगर परिषद के उपाध्यक्ष कलीम अख्तर, अब्दुल जब्बर रिजवी, राजू कुरैशी, शाहजहां अंसारी, आरिफ आलम, फिरोज अंसारी, अजहर रब्बानी, सुहैब आलम, ग्यास अली, नैयर आलम, मोहम्मद लड्डन, तनवीर नाज,अफरोज आलम, मोहम्मद इमरान खान, कलाम राय, मोहम्मद बबलू, मोहम्मद अनीस, मोहम्मद जलाल सहित काफी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबी शामिल थे.
पुलिस चौकस थी, प्रशासन अलर्ट: मौन जुलूस को लेकर गुमला प्रशासन अलर्ट रहा. गुमला बीडीओ संध्या मुंडू व सीओ कुशलमय मुंडू विधि व्यवस्था पर नजर रखे हुए थे. वहीं जुलूस के रूट पर जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात थे. महिला व पुरुष पुलिस दोनों अलर्ट थे. वहीं कई पुलिस पदाधिकारी भी जुलूस के आग चले रहे थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >