दुर्जय पासवान, गुमला
गुमला जिला अंतर्गत पालकोट थाना क्षेत्र के सोलगा गांव के समीप मंगलवार शाम पौने सात बजे भीषण हादसा हुआ है. मंत्री बस और डंपर वाहन में सीधी भिड़ंत हुई है. जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी. मृतकों में ठेठईटांगर अंचल के सीआई अनिल वर्मा व बस चालक सूरज देव हैं. दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि इस हादसे में 25 से अधिक लोग घायल हो गये हैं. घायलों को कोलेबिरा, पालकोट और गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मृतक सीआई अनिल गुमला शहर के कुम्हार मोड़ निवासी थे. बताया जा रहा है कि बस राउरकेला से सिमडेगा होते हुए गुमला आ रही थी. तभी सोलगा गांव के समीप सामने से आ रहे डंपर वाहन से सीधी भिड़ंत हो गयी. हादसे के बाद बस व डंपर पलट गये और अफरा-तफरी मच गयी. घटनास्थल पर ही सीआई और चालक की मौत हो गयी, जबकि घायल लोग चिल्लाने लगे.
घटना की सूचना पर आसपास के लोग दौड़ते हुए पहुंचे और घायलों को बस से निकाला. रास्ते से गुजर रहे राहगीर भी मदद के लिए आगे आये. बसिया अनुमंडल के एसडीपीओ दीपक कुमार, पालकोट थानेदार विमल कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे. पुलिस भी राहत कार्य में जुटते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में लग गयी. बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों की रफ्तार अधिक थी.
