गुमला : घूमने-फिरने की सुंदर जगह बाघमुंडा जलप्रपात है. इसे प्रकृति ने खुद संवारा है, इसलिए इसकी सुंदरता देखने लायक है. झारखंड की राजधानी रांची से सटे खूंटी-सिमडेगा मार्ग पर बसिया प्रखंड है. यह गुमला जिला में आता है. बसिया से पांच किमी दूर बाघमुंडा जलप्रपात है. यहां तीन दिशाओं से नदी की जलधारा गिरती है. नदी में बाघ देखा गया था. यहां अक्सर बाघ पानी पीने आते थे. इस कारण इस क्षेत्र का नाम बाघमुंडा पड़ा. यहां के मनमोहक दृश्य के कारण सालों भर सैलानियों का आना-जाना लगा रहता है.
यह पिकनिक स्पॉट के रूप में विख्यात है. खूंटी-सिमडेगा मार्ग में होने के कारण यहां कई जिलों के सैलानियों का आगमन होता है. पहाड़ की चोटी से बाघमुंडा जलप्रपात का दृश्य मनमोहक लगता है. बाघमुंडा से आधा किमी की दूरी पर गांव है. यह आदिवासी बहुल गांव है. दो किमी की पक्की सड़क से होकर गुजरना पड़ता है. बाघमुंडा के आसपास का वातावरण सुंदर व स्वच्छ है.
बाघमुंडा के आसपास की खूबसूरत वादियां, घने जंगल व ऊंचे-ऊंचे पहाड़ हैं. हसीन वादियों के नाम से भी इसे जाना जाता है. इस जगह का नाम बाघमुंडा कहने के पीछे भी इतिहास है. कहा जाता है, कि नदी के बीच में अक्सर बाघ नजर आता था. इस कारण इस जगह का नाम बाघमुंडा पड़ गया.
कैसे जायें और कहां ठहरे : गुमला से 50 व रांची से 70 किमी दूर बाघमुंडा है. खूंटी व सिमडेगा जिला भी 40 व 60 किमी दूर है. खूंटी व सिमडेगा मार्ग में स्टेट हाइवे से दो किमी दूर है. यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है. सुबह सात से शाम चार बजे तक यहां पिकनिक मना सकते हैं. समय का ख्याल रखते हुए पर्यटक यहां पहुंचे.
बाघमुंडा तक कोई भी गाड़ी पहुंच जायेगी. सुविधा के अनुसार गाड़ी से जा सकते हैं. पिकनिक स्पॉट के समीप घनी आबादी वाला गांव है. यहां होटल नहीं है. बसिया में कुछ ढाबा खाने के लिए है. दूसरे जिले के लोग अगर यहां आते हैं, तो समीप में खूंटी जिला है, जहां शहर में ठहरने के लिए होटल है.
