दुर्जय पासवान, गुमला
गुमला : बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र में दहशत के बीच 67.04 प्रतिशत वोटिंग हुआ है. इस क्षेत्र में सभी आशंकाएं निर्मूल साबित हुई. बंदूक की जगह लोकतंत्र की जीत हुई. एक ओर वोटरों के मन में दहशत था. परंतु लोकतंत्र की मजबूती का जज्बा व उत्साह भी था. क्योंकि बिशुनपुर के कुछ इलाकों में जिस प्रकार हथियारबंद उग्रवादियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी थी. शुरू में लग रहा था कि 50 प्रतिशत भी वोटिंग नहीं होगी. परंतु जैसे-जैसे धूप खिलती गयी.
वोटरों का रूख बूथों की ओर बढ़ता गया और निर्धारित समय तीन बजे तक अच्छी खासी वोटिंग हो गयी. हालांकि, उग्रवादियों ने मतदान को प्रभावित करने का पूरा प्रयास किया है. परंतु उग्रवादियों के मंसूबे वोटरों के सामने फेल हो गये. बनालात इलाके के कठठोकवा पुल के समीप भाकपा माओवादियों द्वारा बम विस्फोट करने के बाद लोग दहशत में आ गये थे. जिस कारण एक दर्जन गांव के लोग कैसे वोट करेंगे, यह चिंता थी. परंतु फिर लोगों ने वोट करने की तरकीब निकाली.
गांव से एक-एक कर लोग निकलते गये और बूथ पर पहुंचकर वोट किया. बिशुनपुर विधानसभा के कई बूथों पर भ्रमण से पता चला कि भाजपा व झामुमो के बीच यहां सीधी टक्कर है. कई बूथों पर भाजपा को बंपर वोट मिली है तो कई बूथों पर झामुमो के समर्थन में लोगों ने जमकर मतदान किया. सभी बूथों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम था. चप्पे-चप्पे पर सेना के जवान तैनात थे. इलाके में ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी जा रही थी.
गुमला विधानसभा : न कोई बाधा, न कोई डर, शांतिपूर्ण 67.30 प्रतिशत वोटिंग
गुमला में न कोई विध्न पड़ा. न कहीं डर दिखा. राजनीति पार्टियों में भी कोई नोकझोंक नहीं हुई. गुमला विधानसभा में पहली बार शांतिपूर्ण 67.30 प्रतिशत वोटिंग हुआ है. 1951 के बाद 2019 के चुनाव में यह पहला अवसर है. जब गुमला सीट पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ है. गुमला के अधिकांश बूथों में सुबह छह बजे से ही वोटर पहुंच गये थे. जैसे-जैसे पारी आयी, वोटरों ने बड़े आराम से वोट किया है.
गुमला के संत पात्रिक स्कूल के बूथ संख्या 222 को सखी और मॉडल बूथ बनाया गया था. यहां पुलिस से लेकर मतदानकर्मी तक महिलाएं ड्यूटी कर रही थीं. यहां टोकन की भी व्यवस्था की गयी थी. वहीं, गुमला विधानसभा के कई बूथों पर महिला वोटरों की कतार सबसे अधिक देखी गयी. वोट डालने में महिलाएं आगे रहीं. कुछ बूथों में इवीएम खराब हो गया था. जिस कारण कहीं एक घंटा तो कहीं दो घंटे मतदान बाधित रहा. बाद में इवीएम मशीन चेंज कर मतदान कराया गया.
इसबार गुमला विधानसभा में युवा वोटरों और वृद्ध वोटरों में सबसे ज्यादा रूझान देखा गया. वृद्ध वोटर सुविधा के अनुसार बूथ पहुंचकर वोट किया है. वहीं, भाजपा प्रत्याशी मिशिर कुजूर ने रायडीह व झामुमो प्रत्याशी भूषण तिर्की ने गुमला के संत इग्नासियुस हाई स्कूल के बूथ पर मतदान किया है. गुमला में भाजपा व झामुमो में सीधी टक्कर है. मतदान खत्म होने के बाद दोनों पार्टियां हार-जीत का गुणा-भाग करते देखे गये.
