पानी और धुमकुड़िया भवन निर्माण पर अधिक खर्च हुई विधायक फंड की राशि

पांच साल में गुमला, सिसई व बिशुनपुर विधायक को 19-19 करोड़ रुपये विकास के कामों में खर्च करने के लिए दिये गये थे गुमला : गुमला जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र सिसई, गुमला व बिशुनपुर हैं. सिसई के विधायक डॉ दिनेश उरांव, गुमला के शिवशंकर उरांव व बिशुनपुर के चमरा लिंडा हैं. इन तीनों विधायकों […]

पांच साल में गुमला, सिसई व बिशुनपुर विधायक को 19-19 करोड़ रुपये विकास के कामों में खर्च करने के लिए दिये गये थे

गुमला : गुमला जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र सिसई, गुमला व बिशुनपुर हैं. सिसई के विधायक डॉ दिनेश उरांव, गुमला के शिवशंकर उरांव व बिशुनपुर के चमरा लिंडा हैं. इन तीनों विधायकों ने विधायक फंड की पूरी राशि विकास के कामों में खर्च कर दी है. तीनों विधायकों ने पीने के पानी की व्यवस्था व धुमकुड़िया निर्माण पर ज्यादा ध्यान दिया है.
पानी व धुमकुड़िया में सबसे अधिक राशि खर्च की गयी है. तीनों विधायकों को पांच साल के कार्यकाल में 19-19 करोड़ रुपये पांच किस्तों में मिले थे. जिसमें 2015-2016 में तीन करोड़, 2016-2017 में चार करोड़, 2017-2018 में चार करोड़, 2018-2019 में चार करोड़ व 2019-2020 में चार करोड़ रुपये मिले थे. ये सभी राशि खर्च हुई है, जबकि बैंक से इन राशियों के मिले ब्याज को भी विकास के कामों में लगाया गया है.
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक ब्याज सिसई विधानसभा के विधायक फंड का करीब 80 लाख रुपया मिला है. चूंकि सिसई विधायक के फंड का 12 करोड़ रुपया एकमुश्त बैंक में जमा रह गया, जिस कारण ब्याज अधिक हुआ. इन 12 करोड़ रुपये को विधायक ने एक साल में अपने विधानसभा क्षेत्र में खर्च किया है.
वहीं गुमला विधायक फंड का करीब 50 लाख रुपया ब्याज मिला था. गुमला विधायक समय-समय पर पैसा खर्च करते गये, जिस कारण उनके फंड का बैंक में ज्यादा ब्याज नहीं बढ़ सका. गुमला विधायक के फंड का जितना ब्याज मिला था, वह भी पैसा विकास के कामों में खर्च हुआ है.
वहीं बिशुनपुर विधायक चमरा लिंडा विधायक फंड की राशि खर्च करने में सबसे आगे हैं. विधायक फंड की राशि मिलते ही उन्होंने विकास के कामों में उन राशियों को खर्च कर दिया, इसलिए उनको करीब 40 लाख रुपये ब्याज मिला, जिसे विकास के कामों में खर्च किया गया. मिली जानकारी के अनुसार, गुमला विधायक ने पानी, धुमकुड़िया, रोड, पुलिया, पेवर ब्लॉक में पैसा खर्च किया है, जबकि विधायक फंड से दो गाड़ी स्वयंसेवी संस्था को जनता की मदद करने के लिए दी गयी है.
वहीं बिशुनपुर विधायक ने पीने के पानी की व्यवस्था करने के लिए गांवों में सबसे अधिक डीप बोरिंग का काम कराया है. इसके अलावा भवन, धुमकुड़िया, पीसीसी सड़क, चबूतरा, अखड़ा बनवाये हैं. वहीं सिसई विधायक ने पीसीसी सड़क, धुमकुड़िया, श्मशान घाट, पानी में राशि खर्च किये हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >