दुर्जय पासवान, गुमला
भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 29 सितंबर को बिशुनपुर आ रहे हैं. उस दिन तीन हेलीकॉप्टर बिशुनपुर की धरती पर एक साथ उतरेगा. इसके लिए बिशुनपुर में तीन अलग-अलग स्थानों पर तीन हेलीपैड का निर्माण किया जा रहा है. हेलीपैड का निर्माण 34 लाख 40 हजार 78 रुपये की लागत से किया जा रहा है. हेलीपैड का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है. शुक्रवार की शाम तक 80 प्रतिशत काम हो चुका था. अधिकारियों की मानें तो 28 सितंबर को तीनों हेलीपैड पूर्ण हो जायेगा.
डीसी शशि रंजन की देखरेख में जतरा टाना भगत विद्या मंदिर के समीप बहेरा टांड में तीन हेलीपैड का निर्माण पूरे युद्ध स्तर पर चल रहा है. निर्माण कार्य में लगे संवेदक लगातार 24 घंटा दिन रात कार्य करा रहे हैं. ताकि समय से हेलीपैड का निर्माण कार्य पूरा हो सके. साथ ही राष्ट्रपति के आगमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो. निर्माण कार्य की देखरेख स्वयं डीसी शशिरंजन कर रहे हैं. वह लगातार चार दिनों से बिशुनपुर का दौरा कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दे रहे हैं. पूरी तैयारी की मॉनिटरिंग भी कर रहे हैं.
एयरफोर्स के अधिकारियों ने किया निरीक्षण
राष्ट्रपति के 29 सितंबर को बिशुनपुर आगमन को लेकर शुक्रवार को एयरफोर्स के अधिकारी विक्रांत यादव बिशुनपुर एसएस हाई स्कूल प्लस टू के स्टेडियम में सेना के हेलीकॉप्टर से पहुंचे. जहां से वे निर्माणाधीन हेलीपैड को देखने गये. वहां डीडीसी हरि कुमार केशरी को विशेष दिशा निर्देश दिया. उन्होंने डीडीसी से कहा कि हेलीपैड के पास फायर बिग्रेड की गाड़ी, एंबुलेस, वाटर टैंकर सहित कई महत्वपूर्ण चीजों की व्यवस्था हो. साथ ही उन्होंने सड़क के किनारे उगे झाड़ियों को साफ करने व राष्ट्रपति के आगमन से प्रस्थान तक सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रखने, हेलीपैड से पक्की सड़क तक सड़क निर्माण कराने के साथ-साथ कई गोपनीय दिशा निर्देश भी दिये.
राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
राष्ट्रपति 29 सितंबर की सुबह 9.55 बजे बिशुनपुर की धरती चिपरी मैदान पर कदम रखेंगे. जहां से वे सड़क मार्ग से होते हुए 10.05 बजे विकास भारती बिशुनपुर के तक्षशीला आश्रम पहुंचेंगे और 10.15 बजे कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान 10.15 बजे से 10.17 बजे तक तक्षशीला आश्रम के अध्यक्ष उनका स्वागत करेंगे. फिर 10.20 बजे तक तक्षशीला आश्रम का भ्रमण करेंगे और आश्रम होते हुए महात्मा गांधी संग्रहालय पहुंचेंगे. जहां वे सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. इसके बाद वे सड़क मार्ग से होते हुए 10.32 से 10.34 बजे तक ज्ञान निकेतन स्कूल पहुंचेंगे. जहां स्कूल के कार्यक्रम में शामिल होंगे और बच्चों से मुलाकात करेंगे. इसके बाद सड़क मार्ग से ही 10.45 बजे चिपरी मैदान के लिए रवाना होंगे और 11.05 बजे चिपरी मैदान से रांची के लिए प्रस्थान कर जायेंगे.
