गुमला : सिसई निवासी विवेकानंद गिरि अपनी पुत्री प्रियंका की छात्रवृत्ति भुगतान की मांग को लेकर कभी विद्यालय, तो कभी कल्याण विभाग का चक्कर लगाने को विवश हैं. विवेकानंद गिरि की दो पुत्रियां प्रियंका कुमारी व पायल कुमारी राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय मकुंदा सिसई में क्रमश: वर्ग पांच व चार में पढ़ती है.
वित्तीय वर्ष 2019-20 की छात्रवृत्ति के लिए दोनों छात्राओं ने ऑनलाइन आवेदन किया, जिसमें पायल को छात्रवृत्ति तो मिल गयी, परंतु प्रियंका को जेनरल कैटेगरी में डाल दिया गया. जिस कारण प्रियंका को छात्रवृत्ति मिली ही नहीं. विवेकानंद ने बताया कि उनकी बेटियों को प्रत्येक वर्ष छात्रवृत्ति मिलती रही है, जिससे उनकी पढ़ाई का खर्च निकल जाता है.
प्रियंका का नाम जेनरल केटेगरी में शामिल कर दिया गया है, जिस कारण प्रियंका को छात्रवृत्ति नहीं मिली है. विवेकानंद ने बताया कि विद्यालय जाने पर प्राचार्य कहते हैं कि हम कुछ नहीं कर सकते हैं और कल्याण विभाग जाने पर विभाग द्वारा सही से जानकारी नहीं दी जा रही है.
