महजतरा . तेली जाति की हुंकार, एसटी का दर्जा नहीं, ताे वोट नहीं
गुमला : गुमला के पीएइ स्टेडियम में आयोजित 19वें वार्षिक महाजतरा में तेली जाति के लोगों ने हुंकार भरा और कहा कि इसबार अगर तेली जाति को अनुसूचित जनजाति का दर्जा नहीं मिलेगा, तो वोट नहीं देंगे. तेली जाति के केंद्रीय अध्यक्ष उदासन नाग, जिला बीस सूत्री के उपाध्यक्ष हीरा साहू, समाज के जिलाध्यक्ष राधामोहन साहू ने भी अपने संबोधन में तेली जाति को एसटी का दर्जा देने की बात की. यहां तक कि समाज की लड़कियों ने सीएम को ज्ञापन भी सौंपा है, जिसमें एसटी का दर्जा देने की मांग है.
हालांकि समाज द्वारा वोट नहीं देने की बात पर सीएम ने सहज तरीके से समाज को अपनी ओर आकर्षित करने का पूरा प्रयास किया. उन्होंने कहा कि मुझे मालूम है कि कोल्ह तेली गरीब है. सर्वे हो रहा है. सर्वे के बाद जो रिपोर्ट आयेगी, उसके आधार पर जरूर आपको हक मिलेगा. सीएम ने महाजतरा में पहुंची भीड़ से कहा कि तेली जाति को एसटी में शामिल करने से समस्या का समाधान नहीं हो सकता है, क्योंकि सरकार के पास नौकरी सीमित है. सभी को नौकरी नहीं मिल सकती है, लेकिन मैं अपनी ओर से प्रयास कर रहा हूं कि तेली जाति को एसटी का दर्जा मिले. उन्होंने कहा कि हम समाज के बिना रह नहीं सकते हैं, क्योंकि आज तक मुझे काम करने की जो ताकत मिली है, वह समाज से ही मिली है. इसलिए वोट देने का जो अधिकार आपको मिला है. उसे अधिकार को गंवाये नहीं.
समाज द्वारा एसटी की जो मांग की जा रही है, वह पुरानी मांग है. भाजपा के जितने भी मंत्री व विधायक हैं, सभी आपके बारे में सोच रहे हैं. श्री दास ने कहा कि सामूहिक विवाह से अब गरीब माता-पिता को लाभ मिल रहा है. कांग्रेस की सरकार 55 साल तक चली. इन 55 साल में कांग्रेस ने जनता को छलने का काम किया है.
हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 तक नये भारत का निर्माण करने जा रहे हैं. इसमें आपका साथ चाहिए. लेकिन उससे पहले 2020 तक झारखंड में कोई भी गरीब न रहे, इसके लिए राज्य सरकार काम कर रही है. सीएम ने कहा कि गुमला व सिमडेगा जिला की बेटियों ने जिस प्रकार कम उम्र में बालिका वधू बनने से इंकार किया है, सरकार को भी बालिकाओं के लिए काम करने का मार्ग मिला है. उन्होंने कहा कि अभी भी छह से सात जिलों में बाल विवाह हो रहा है, इसे रोकना है. भ्रष्टाचार व बिचौलिया को खत्म करना है.
उन्होंने कहा कि सरकार सबको नौकरी नहीं दे सकती है, लेकिन हुनरमंद बनाने का काम जरूर कर रही है. बेरोजगार युवक-युवतियों को हुनरमंद बनाने के लिए सरकार सात सौ करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है. इसमें कई बच्चों को अच्छी राशि पर दुबई काम करने के लिए भेजा गया है. हर सखी मंडल को चार लाख रुपये दिया जा रहा है, ताकि वे स्वरोजगार कर सकें.
समाज को मजबूत करने का सुंदर प्रयास है जतरा : केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत ने कहा है कि तेली महाजतरा निश्चित रूप से समाज को मजबूत करने की एक सुंदर पहल है. समाज जतरा के माध्यम से मजबूत हो रहा है. समाज के काम भी बेहतरीन है. समाज की जो भी मांग है, मैं समाज के लोगों के साथ हूं. किसी भी समाज की स्थिति को सुधारने के लिए जरूरी है कि समाज के लोगों को उनका हक व अधिकार मिले. स्पीकर दिनेश उरांव ने कहा कि समाज की मजबूती से ही हम आगे बढ़ सकते हैं. समाज के विकास के लिए सरकार काम कर रही है. जिला परिषद अध्यक्ष किरणमाला बाड़ा ने कहा कि तेली जाति ने जो मांग एसटी का दर्जा देने का रखी है, यह मांग जायजा है.
महाजतरा में उपस्थित लोग
गुमला : महाजतरा में डीसी शशि रंजन, एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा, डीडीसी नागेंद्र कुमार सिन्हा, नगर परिषद के अध्यक्ष दीपनारायण उरांव, नगर परिषद के उपाध्यक्ष कलीम अख्तर, मुनेश्वर साहू, भूपण साहू, बिहार से आये शिवकुमार साहू, शिवप्रसाद साहू, श्याम सुंदर साहू, शिवचरण साहू, संत कुमार साहू, डॉ भुवनेश्वर अनुज, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष रिपुसूदन साहू, प्रदेश अध्यक्ष अरूण साहू, कैलाश नाग, खालिद शाह, विजय साहू, दिनेश साहू, पंकज साहू, बलि साहू, शिवरत्न साहू, नीलांबर साहू, बसंत साहू, कलींद्र साहू, लखन साहू, नीरज साहू सहित कई लोग थे. वहीं सीएम का एरोड्राम के समीप भाजपा नेताओं ने स्वागत किया. इनमें सविंद्र सिंह, यशवंत सिंह, शंकुतला देवी, संजय साहू, गायत्री देवी, लाडले, मो जाकिर अली, मिशिर कुजूर, कंचन लाल सहित कई लोग हैं.
