गुमला : सिसई प्रखंड में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. लड़की जब 14 साल की थी, तभी से उसके साथ यह घृणित कार्य किया जा रहा है. दो साल पहले लड़की का गर्भपात भी कराया गया था. अभी पीड़िता की उम्र 19 साल है. इधर, सात माह पहले भी उसके साथ दुष्कर्म हुआ था. पीड़िता अभी सात माह के गर्भ से है. इस संबंध में पीड़िता ने सिसई बस्ती निवासी अजय लोहरा (35) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने आरोपी अजय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
साप्तािहक हाट में ठेला लगाते हैं माता-िपता
बताया गया कि पीड़िता के माता-पिता सिसई के गुरुवार को साप्ताहिक बाजार में ठेला लगाते थे. जब माता-पिता बाजार चले जाते थे, तो घर पर लड़की अकेले रहती थी. इसका गलत फायदा उठाते हुए अजय लोहरा गुरुवार को लड़की के घर पहुंच जाता था. उसे डरा धमका कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा. यह सिलसिला पांच साल तक चलता रहा. प्राथमिकी में पीड़िता ने कहा है कि जब वह 17 साल की थी, तब वह गर्भवती हो गयी थी. उस समय अजय ने जबरन दवा खिला कर उसका गर्भपात करा दिया था.
इधर, जब पीड़िता 19 साल की हो गयी, तो उसके साथ अजय ने फिर जबरन शारीरिक संबंध बनाये. पीड़िता को जब सात माह का गर्भ हो गया, तो उसके माता-पिता को इसकी जानकारी हो गयी. पूछताछ करने पर उसने पूरी बात बतायी. इसके बाद परिजन मंगलवार को पीड़िता को लेकर थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने आरोपी अजय लोहरा के खिलाफ केस दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
