गुमला : कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सह गुमला जिला प्रभारी लालकिशोर नाथ शाहदेव ने कहा है कि जिस प्रकार झारखंड में दुष्कर्म की घटनाएं हो रही है, उससे पूरे देश में झारखंड राज्य कलंकित हुआ है. राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति चौपट है. किसी की सुरक्षा की गारंटी नहीं है. राज्य में इतना अपराध बढ़ गया है कि राज्यपाल को खुद अापराधिक घटनाओं को लेकर समीक्षा बैठक करनी पड़ी.
इसका सीधा मतलब है कि राज्यपाल को भी सरकार पर भरोसा नहीं है कि राज्य सरकार अपराध कम कर पायेगी. श्री शाहदेव सोमवार को गुमला के परिषदन में प्रेस वार्ता कर रहे थे. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बढ़ायी गयी बिजली दर, महंगाई, एसटी/एससी एक्ट व दुष्कर्म सहित जनहित के मुद्दों को लेकर नौ मई को गुमला जिले के सभी प्रखंड में धरना दिया जायेगा. श्री शाहदेव ने कहा कि धरना के बाद जिले के अधिकारियों के माध्यम से समस्याओं के निदान की मांग को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जायेगा. उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि राज्य की जो हालत है, उससे केंद्र को अवगत करायें. उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ती जा रही है. उसपर कोई नियंत्रण नहीं है. एक मई से बिजली दर बढ़ गयी. सबसे ज्यादा चोट घरेलू बिजली दर पर लगी है. घरेलू उपभोक्ता ज्यादा प्रभावित होंगे. जबतक सरकार बढ़ायी गयी बिजली दर वापस नहीं लेती है, कांग्रेस आंदोलन करती रहेगी. उन्होंने कहा कि सब्सिडी जनता के साथ छलावा है. राशन वितरण व मनरेगा भुगतान में अनियमिमतता बरती जा रही है. गरीबों को राशन नहीं मिल रहा है. मनरेगा में गांव के गरीब किसानों ने मजदूरी की, लेकिन मजदूरी भुगतान नहीं हो रहा है. सरकार गांव, पंचायत, प्रखंड व जिला को ओडीएफ करने की बात कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि अभी भी लोग खुले में शौच जा रहे हैं. मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिवकुमार भगत, उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी, मानिकचंद साहू, अकील रहमान, रोशन बरवा, पतित पावन साही व अलबर्ट तिग्गा सहित कई लोग थे.
