प्रतिनिधि, सिसई सिसई प्रखंड मुख्यालय स्थित संत तुलसीदास टेन प्लस टू स्कूल का विशाल हॉल विभागीय उदासीनता के कारण पिछले पांच वर्षों से बदहाली का शिकार है. महज कुछ एस्बेस्टस शीट टूटने की वजह से यह उपयोगी ढ़ांचा अब खंडहर में तब्दील हो रहा है, जिसे स्कूल प्रबंधन द्वारा कबाड़ रखने के लिये इस्तेमाल किया जा रहा है. लापरवाही का आलम यह है कि हॉल की मरम्मत न होने के कारण वर्ष 2024 में आया नया जिम सेट भी स्कूल में स्थापित नहीं हो सका और वर्तमान में ललित उरांव स्टेडियम में धूल फांक रहा है. इंटरनेशनल खिलाड़ी महावीर राम लोहरा व दीपक अधिकारी ने बताया कि जिम लगाने के लिये हॉल की मांग करने पर प्रबंधन ने इनकार कर दिया, वहीं जिला खेल पदाधिकारी से भी केवल आश्वासन ही मिला. प्लस टू स्तर के इस विद्यालय और कुश्ती डे-बोर्डिंग सेंटर में एक अदद हॉल न होने से खिलाड़ियों और छात्रों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, जो प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है. एक तरफ बेटर एजुकेशन, खेल को बढ़ावा देने जैसे बड़े-बड़े दावे किये जाते हैं तो दूसरी ओर स्कूल की मूलभूत सुविधाएं भी जिम्मेदारों की लापरवाही से बदहाल हैं.
खंडहर बन रहा संत तुलसीदास स्कूल का हॉल, संसाधनों की हो रही बर्बादी
खंडहर बन रहा संत तुलसीदास स्कूल का हॉल, संसाधनों की हो रही बर्बादी
