बसिया(गुमला): बसिया प्रखंड में गुरुवार को अजीब घटना घटी. कोयल नदी में अज्ञात शव था. चौकीदार ने नदी से शव निकालने का प्रयास किया, लेकिन चौकीदार का पैर फिसलने से शव हाथ से छूट गया और नदी के तेज बहाव में शव बह गया. बताया जा रहा है कि बसिया के पखनाटोली स्थित कोयल नदी के तट पर गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने एक शव देखा, जिसकी सूचना ग्रामीणों ने बसिया थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बसिया पुलिस घटना स्थल पर पहुंची.
फिर शव को पानी से निकालने का प्रयास शुरू हुआ, लेकिन शव निकालने के क्रम में चौकीदार का पैर फिसल गया और शव नदी की तेज धारा में बह गया.
ज्ञात हो कि गुरुवार की सुबह हुई तेज बारिश के कारण नदी का जल स्तर काफी बढ़ गया था. जिस कारण शव को निकालने में पुलिस को परेशानी हो रही थी. इस संबंध में एसआइ एमएन सिंह ने बताया कि शव सड़ा गला था. जिस कारण पहचान नहीं हो सकी. संभवत: डूबने से उसकी मौत हुई होगी.
