बिशुनपुर. प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध बर महादेव मंदिर परिसर में 13 जून से 1009 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन शुरू होने जा रहा है. श्रीश्री 1008 घोर अघोर अवधूत भगवान की प्रेरणा से और मुख्य आचार्य कल्याण बाबा के पावन सानिध्य में आयोजित होनेवाले धार्मिक अनुष्ठान को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं, जिसमें स्थानीय श्रद्धालु बढ़-चढ़ कर सहयोग दे रहे हैं. आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में निरंतर हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे महामंत्र का अखंड जाप गूंजेगा. मुख्य आचार्य कल्याण बाबा ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कलयुग में भगवान के नाम का संकीर्तन ही मानव कल्याण और मोक्ष का सबसे सरल मार्ग है. इस पवित्र उद्देश्य के साथ इस विशाल अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है. आयोजन समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि इस दीर्घकालिक संकीर्तन के साथ-साथ बरमहादेव मंदिर में एक माह तक लगातार विशेष रुद्राभिषेक किया जायेगा, जिससे प्रतिदिन सुबह-शाम होने वाली पूजा-अर्चना और भजनों से पूरा वातावरण शुद्ध व आध्यात्मिक रंग में सराबोर रहेगा. समिति ने क्षेत्र के सभी सनातन धर्मावलंबियों व श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंच कर हरिनाम संकीर्तन का पुण्य प्राप्त करने और धार्मिक महायज्ञ को सफल बनाने की भावपूर्ण अपील की है.
1009 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन 13 जून से
प्रसिद्ध बर महादेव मंदिर परिसर में होगा कार्यक्रम
