गुमला जिले में अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत

चार ने लगायी फांसी, पांच की सड़क हादसे में गयी जान, एक व्यक्ति की कुएं में डूबने से मौत

गुमला. गुमला जिले में बीते तीन दिनों में अलग-अलग जगहों पर 10 घटनाएं घटीं, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गयी. इसमें चार लोगों ने फांसी लगा कर आत्महत्या की, जबकि पांच स्थानों पर हुए भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत हो गयी. वहीं एक व्यक्ति की कुआं में डूबने से जान चली गयी. पुलिस ने सभी मामले में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया. इधर, होली पर्व के दौरान हुई घटनाओं से परिवार में मातम छाया है.

रायडीह : ऑटो पलटने से महिला की मौत, तीन घायल

रायडीह प्रखंड के सुरसांग थाना स्थित कोब्जा जोगीडांड़ गांव की 45 वर्षीय ललिता खड़ियाइन की ऑटो दुर्घटना में मौत हो गयी, जबकि कई लोग घायल हैं. ललिता खड़ियाइन पूनम डुंगडुंग के साथ दवा बनवाने के लिए ऑटो से चैनपुर प्रखंड के टोंगो गयी थीं. दवा लेने के बाद शाम करीब सात बजे वे वापस लौट रहे थे. इस दौरान बांसटोली के पास सड़क पर अचानक एक बिल्ली दौड़ गयी, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. घटना में ललिता खड़ियाइन को गंभीर चोटें आयी. जबकि ऑटो में सवार इतवारी केरकेट्टा, पूनम डुंगडुंग व चालक भी घायल हो गये. स्थानीय लोगों की सूचना पर सुरसांग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को रात करीब नौ बजे सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया गया. जांच के दौरान ललिता खड़ियाइन को मृत घोषित कर दिया गया.

गुमला : पेड़ से टकरायी बाइक, एक की मौत, एक घायल

गुमला में बुधवार की दोपहर सड़क हादसे में 45 वर्षीय जगदीश दास की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि 25 वर्षीय पंकज कुमार गंभीर रूप से घायल है. दोनों मूल रूप से बेगूसराय के निवासी हैं और वर्तमान में गुमला में किराये के मकान में रह कर टाइल्स मिस्त्री का काम करते थे. गुमला के कोटाम क्षेत्र में टाइल्स लगाने का काम कर रहे थे. बुधवार को होली पर्व को लेकर वे अपनी बाइक से दोपहर करीब 12.30 बजे कोटाम से गुमला लौट रहे थे. इस दौरान कोटाम और पनसो के बीच पेट्रोल पंप के समीप उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकरायी. हादसा इतना भीषण था कि जगदीश दास की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि पंकज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये.

गुमला : चलती बाइक से गिर कर महिला की मौत

महुआडांड़ थाना क्षेत्र के अहीरपुरवा निवासी 20 वर्षीय समिता देवी (पति दिलीप मुंडा) की चलती बाइक से गिर कर मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार समिता देवी अकासी गांव निवासी बिपिन मुंडा तथा बाला महुआ निवासी रोहित मुंडा तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर महुआडांड़ बाजार गये थे. बाजार से लौटने के दौरान शाम करीब चार बजे दवनाघर के पास समिता देवी अचानक चलती बाइक से गिर गयी. गिरने से उन्हें गंभीर चोट लगी. घटना के बाद परिजन व स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया. गुमला सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर गुमला पुलिस बुधवार की दोपहर अस्पताल परिसर पहुंची और आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. मृतका का पति चेन्नई में मजदूरी करता है.

भरनो : होली के दिन युवक ने लगायी फांसी

भरनो थाना के ग्राम मलगो चंपाटोली निवासी 28 वर्षीय प्रदीप उरांव ने बुधवार की रात अपने घर में रस्सी के सहारे फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. परिजनों ने बताया कि प्रदीप उरांव ईंट-भट्ठा में मजदूरी का काम करता था. बुधवार को होली के अवसर पर रंग-अबीर खेल कर घर लौटा था. इसके बाद रात में उसने घर के अंदर रस्सी के सहारे फांसी लगा ली. बुधवार की रात करीब 10 बजे परिजनों को घटना की जानकारी हुई. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे फंदे से नीचे उतारा गया और तुरंत भरनो थाना को सूचना दी गयी. सूचना मिलने पर भरनो पुलिस गुरुवार की सुबह घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी समेत छोटे-छोटे तीन बेटे और एक बेटी हैं. आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

घाघरा : युवक ने फांसी लगा कर की आत्महत्या

घाघरा थाना के बालाखटंगा निवासी कृष्णा महली (38 वर्ष) ने गुरुवार की सुबह अपने घर में रस्सी के सहारे फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. बुधवार को होली खेलने के बाद रात्रि में घर पर पारिवारिक विवाद हुआ था. इसके बाद गुरुवार की सुबह उन्होंने घर के अंदर फांसी लगा ली. घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें फांसी से उतार कर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा ले गये, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर घाघरा थाना पुलिस स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. मृतक अपने पीछे पत्नी समेत दो पुत्र और चार पुत्रियां छोड़ गया है. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है.

भरनो : किशोर ने फांसी लगा कर की दी जान

भरनो थाना क्षेत्र के गढ़टोली गांव निवासी 16 वर्षीय आशीष उरांव ने रात करीब 9.30 बजे अपने घर में साड़ी के सहारे फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते परिजनों ने स्थानीय लोगों को सूचना दी, जहां मृतक को फांसी से उतार कर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर गुमला पुलिस सुबह अस्पताल पहुंच कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों ने बताया कि आत्महत्या किस कारण से हुई, इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है.

गुमला : कुआं में गिरने से अधेड़ की मौत

गुमला के कुलाबीरा ढौढाटोली निवासी 40 वर्षीय कालेफ खड़िया की कुआं में डूबने से मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार रात को वह बिना किसी को बताये घर से बाहर निकल गया था. देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की. लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. रात में ही ग्रामीण शौच के लिए निकले, तो घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुआं में गिरने की आवाज आयी. ग्रामीण कुआं के पास पहुंच कर देखें कोई व्यक्ति कुआं में गिरा पड़ा है. ग्रामीण व परिजनों को खबर करते हुए रात्रि में ही शव को निकाला गया. इसकी सूचना तत्काल गांव के मुखिया को दी गयी और मुखिया द्वारा प्रशासन को खबर दी गयी. मुखिया से बात होने पर प्रशासन को सूचना दी गयी. इसके बाद पुलिस पहुंच कर कागजी कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया.

गुमला : युवक ने फांसी लगा कर की आत्महत्या

गुमला सदर थाना के बेलगांव निवासी 26 वर्षीय केश्वर गोप ने देर रात फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के चाचा जीत वाहन गोप ने बताया कि केश्वर की पत्नी तीन दिन पहले अपने चार वर्षीय पुत्र के साथ होली मनाने मायके गयी थी. रात को घर में अकेले रहने के दौरान केश्वर घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पेड़ के पास गया और रस्सी के सहारे फांसी लगा ली. सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

बसिया : साइकिल सवार अभिषेक की मौत

बसिया थाना के महाराजगंज गांव में बाइक के धक्के से साइकिल सवार 17 वर्षीय अभिषेक कुमार की मौत हो गयी. घटना बुधवार शाम लगभग छह बजे की है. जानकारी के अनुसार अभिषेक साइकिल से अपने घर जा रहा था, तभी पल्सर बाइक सवार युवक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे अभिषेक सड़क पर जा गिरा. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बसिया लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची बसिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया. पुलिस अज्ञात पल्सर बाइक चालक की तलाश कर रही है.

सब्जी विक्रेता महिला की मौत

पालकोट. बसिया रोड गांधी नगर बस्ती के पास पेटसेरा कोंजाली गांव की 55 वर्षीय विमला देवी की वैन की टक्कर से मौत हो गयी. वह पालकोट प्रखंड मुख्यालय के साप्ताहिक बाजार गया था. लौटने के दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार वैन ने महिला को टक्कर मार दी. ग्रामीणों के सहयोग से पालकोट सीएचसी इलाज के लिए लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. विमला देवी बाजार में साग सब्जी बेचने का काम करती थी. महिला साग सब्जी बेच कर अपने घर पेटसेरा कोंजाली गांव के ही वाहन से जा रही थी, तभी बसिया रोड गांधी बस्ती के पास घर का समान खरीदने के लिए किराना दुकान में रूकी. जैसे ही रोड पार कर रही थी. वैन ने महिला को टक्कर मारते हुए भाग गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >