नौकरी दिलाने के नाम पर 1.70 लाख की ठगी

नौकरी दिलाने के नाम पर 1.70 लाख की ठगी

गुमला. जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का एक मामला सामने आया है, जहां आरोपी ने पहले झांसा देकर पैसे लिए और बाद में बार-बार चेक देकर भी भुगतान नहीं किया. ब्लॉक कॉलोनी गुमला निवासी बिनोद पहान से वर्ष 2023 में आरोपी राजीव रंजन (निवासी तुपुदाना रांची) ने उसके छोटे भाई संदीप उरांव को सिविल कोर्ट में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया. इस झांसे में आकर बिनोद पहान ने फोन-पे के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में एक लाख, 70 हजार रुपये का भुगतान कर दिया. राशि लेने के बाद आरोपी लगातार एक साल तक पीड़ित को टालता रहा. इस दौरान बिनोद कई बार आरोपी के घर जाकर पैसे की मांग करता रहा. लेकिन हर बार उसे केवल आश्वासन ही मिलता रहा. काफी दबाव बनाने के बाद आरोपी ने पहले एक लाख का चेक दिया. लेकिन वह चेक भी बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गया. इसके बाद भी आरोपी की ओर से टाल-मटोल जारी रही. वर्ष 2024 में आरोपी ने फिर 1.70 लाख का एक और चेक दिया. यह भरोसा दिलाते हुए कि इस बार भुगतान हो जायेगा. लेकिन जब पीड़ित ने 27 नवंबर 2024 को उक्त चेक बैंक में जमा किया, तो वह भी बाउंस हो गया. इधर, पीड़ित की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से आरोपी को कानूनी नोटिस भेजा गया है. नोटिस में 15 दिनों के भीतर 1.70 लाख की राशि लौटाने का निर्देश दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >