हनवारा से फिरोज आलम की रिपोर्ट
Woman Dies in Lightning Strike Godda: झारखंड के गोड्डा जिले के हनवारा क्षेत्र अंतर्गत गोरेगांवा गांव में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए. मृतका की पहचान जोहरा खातून (40 वर्ष), पति फिरोज आलम के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया. घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
बारिश से बचने के लिए घर में ली थी शरण
मिली जानकारी के अनुसार जोहरा खातून समेत कई लोग खेत में जमीन नापी के कार्य के लिए गए हुए थे. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी. बारिश से बचने के लिए सभी लोग पास स्थित एक अल्बेस्टर घर में जाकर शरण लिए हुए थे. तभी अचानक घर के ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई.
मौके पर हुई महिला की मौत, चार लोग झुलसे
वज्रपात की चपेट में आने से जोहरा खातून की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं घटना में जाकिरुद्दीन, अजीम आलम, नशीम आलम और नशीमा खातून घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल नारायणी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. मृतका जोहरा खातून अपने पीछे चार बेटियां और दो बेटे छोड़ गई हैं. उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है. बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से पूरे क्षेत्र में संवेदना की लहर है.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही हनवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू करते हुए मामले की जांच-पड़ताल की. प्रशासनिक अधिकारियों को भी घटना से अवगत करा दिया गया है.
पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. वहीं लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें: JSCA स्टेडियम में जेपीएल फाइनल के दौरान भगदड़, कई घायल; गेट पर तोड़फोड़
यह भी पढ़ें: झारखंड टी20 लीग फाइनल 2026: कब, कहां और कैसे फ्री में देखें छोटानागपुर रॉयल्स vs जमशेदपुर स्टीलर्स का मुकाबला?
यह भी पढ़ें: बिरसा मुंडा जेल में महिला कैदी के गर्भवती मामला: हाईकोर्ट में सीलबंद लिफाफे में पेश की गई रिपोर्ट
