फीरोज आलम, हनवारा: महागामा प्रखंड अंतर्गत मिल्की गांव की मुख्य सड़क पर बारिश के बाद गंदे पानी का जलजमाव लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है. सड़क पर पानी जमा रहने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
बारिश होते ही सड़क पर भर जाता है पानी
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बारिश होते ही सड़क के एक हिस्से में पानी जमा हो जाता है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई घंटों तक गंदा पानी सड़क पर ही जमा रहता है.
जलजमाव के बीच से होकर पैदल चलने वालों के अलावा बाइक और अन्य वाहन चालकों को भी गुजरना पड़ता है. इससे लोगों के कपड़े खराब होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
ऊंचा नाला बना जलजमाव की बड़ी वजह
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के किनारे बना नाला सड़क की तुलना में ऊंचा है. इस कारण बारिश का पानी नाले में प्रवेश नहीं कर पाता और सड़क पर ही जमा हो जाता है.
लंबे समय से जल निकासी की समस्या रहने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है.
स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी
जलजमाव के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है. गंदे पानी से होकर गुजरने के कारण लोगों को संक्रमण और फिसलकर गिरने का भी डर बना रहता है.
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है. जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है.
यह भी पढ़ें:
गोड्डा में कोढ़ा गैंग की एंट्री की सूचना,पुलिस अलर्ट; बैंक-बाजार में बढ़ी निगरानी
ग्रामीणों ने की नाला निर्माण की मांग
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क के किनारे उचित नाला निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है.
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते जल निकासीकी समस्या का समाधान कर दिया जाये, तो बारिश के दिनों में सड़क पर पानी जमा नहीं होगा और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी.
