ठाकुरगंगटी में शांति और सौहार्द के साथ होली मनाने के लिए किया फ्लैग मार्च

थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने की शांति बनाये रखने की अपील

होली के पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से ठाकुरगंगटी थाना प्रभारी राजन कुमार राम के नेतृत्व में फ्लैग मार्च अभियान निकाला गया. यह फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर रुंजी, बसता, सिरसा मोड, बुधवाचक, माल मंडरो, रहरबडिया, इंदरचक, हरिनकोल, पिपरजोरिया, इटवा, अमरपुर सहित अन्य गांवों में मोटरसाइकिल के द्वारा भ्रमण किया गया. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस प्रशासन ने लोगों के बीच यह संदेश दिया कि प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की ताकि हर पहलू पर विशेष निगरानी रखी जा सके. थाना प्रभारी श्री राम ने बताया कि इस अभियान के दौरान वे मोटरसाइकिल से उन स्थानों पर भी गये, जहां आम लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता थी. उन्होंने कहा कि सभी से अपील है कि वे शांति व्यवस्था बनाये रखें, आपसी भाईचारे को मजबूत करें और किसी भी प्रकार की अफवाह से दूर रहें. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि होली के इस पर्व को खुशी और शांति से मनायें और किसी भी व्यक्ति को जबरन रंग न लगायें.

होली के मद्देनजर मेहरमा में फ्लैग मार्च, शांति और भाईचारे की अपील

होली के पर्व को शांति और भाईचारे के साथ मनाने के लिए मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर की अगुआई में फ्लैग मार्च निकाला गया. यह फ्लैग मार्च मेहरमा थाना से शुरू होकर सिदो-कान्हू चौक सहित थाना क्षेत्र के दर्जनों गांवों से होकर गुजरा. इस दौरान मेहरमा प्रभाग की इंस्पेक्टर रूबी मिंज और मेहरमा पुलिस बल भी मौजूद थे. थाना प्रभारी ने चौक-चौराहों और गांवों में घूमकर लोगों से अपील किया कि वे इस पर्व को भाईचारे और शांति के साथ मनायें. उन्होंने कहा कि होली एक ऐसा पर्व है, जिसमें लोग सारे द्वेष भूलकर एक-दूसरे को रंग, अबीर और गुलाल लगाते हैं. एक-दूसरे के घर पुआ और पकवान खाते हैं और पुराने आपसी विवादों को भुलाकर आनंदित होते हैं. थाना प्रभारी ने लोगों से अनुरोध किया कि वे इस पर्व को शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनायें, ताकि त्योहार का असली संदेश सभी तक पहुंचे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >