रैंप पर छाया युवा हुनर, ‘मिस एंड मिस्टर शाइनिंग गोड्डा’ में प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा

तीसरे सीजन का भव्य समापन, मॉडलिंग, नृत्य, गीत और मिमिक्री ने बांधा समां

गोड्डा में मॉडलिंग और फैशन के प्रति युवाओं का बढ़ता रुझान अब नये आयाम स्थापित कर रहा है. इसी कड़ी में लगातार तीसरे वर्ष आयोजित मिस एंड मिस्टर शाइनिंग गोड्डा-सीजन 3 का भव्य समापन हुआ. डी डांस अकादमी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया. कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीओ वैद्यनाथ उरांव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उन्होंने युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया. प्रतियोगिता में कुल 25 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 18 युवतियां और युवक शामिल थे. विशेष बात यह रही कि पहली बार तीन गृहिणियों ने भी मिसेज शाइनिंग गोड्डा प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने वेस्टर्न और क्लासिकल थीम पर आधारित प्रस्तुतियां दीं. रैंप पर भारत की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं, आदिवासी संस्कृति और देश के वीर-वीरांगनाओं के जीवन से जुड़ी झांकियां प्रस्तुत की गयी. झारखंड की लोक संस्कृति, मांदर की थाप और पारंपरिक वेशभूषा ने दर्शकों का विशेष आकर्षण खींचा.

मिमिक्री और नृत्य प्रस्तुतियों ने खूब बटोरी तालियां

भागलपुर से आये अतिथि कलाकार संजीव कुमार झा ने अपनी मिमिक्री कला के माध्यम से कई प्रसिद्ध फिल्मी कलाकारों की आवाज की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को खूब हंसाया और मनोरंजन किया. वहीं विभिन्न कलाकारों की नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया. पी एंड जे डांस ग्रुप की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा. कार्यक्रम की भव्यता को कैमरों में कैद करने की विशेष व्यवस्था भी की गयी थी. प्रतिभागियों के मेकअप और ग्रूमिंग की जिम्मेदारी गोड्डा की नेंसी नायक इंस्टीट्यूट की छात्राओं ने संभाली. करीब 25 प्रतिभागियों को आकर्षक और पेशेवर लुक देकर उन्होंने कार्यक्रम में अपनी अलग पहचान बनायी. नेंसी नायक ने इसे गोड्डा के लिए एक नया और प्रेरणादायक प्रयोग बताया.

पूजा और रोशनी के मंच संचालन ने जीता दिल

पूरे कार्यक्रम का संचालन पटना से मॉडलिंग एवं एंकरिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकीं दो सगी बहनों पूजा सिंघानिया और रोशनी सिंघानिया ने किया. उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति और संवाद शैली ने दर्शकों को पूरे कार्यक्रम के दौरान बांधे रखा. डी डांस अकादमी की निदेशक दीक्षा कुमारी और सहायक आकाश सोनी ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अगले वर्ष प्रतियोगिता को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा. उन्होंने घोषणा की कि आगामी सीजन का आयोजन संताल परगना स्तर पर करने की योजना है, ताकि क्षेत्र की प्रतिभाओं को व्यापक मंच मिल सके. जामताड़ा से आये निर्णायक मंडल के सदस्य विक्टर किंगडम और रोशनी कुमारी के निर्णय के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गयी. विजेताओं को एसडीओ वैद्यनाथ उरांव सहित अन्य अतिथियों ने ताज पहनाकर सम्मानित किया. इस अवसर पर सुरजीत झा, नीरज पासवान, आकाश सोनी, दीक्षा कुमारी, पूजा सिंघानिया, रोशनी सिंघानिया सहित बड़ी संख्या में दर्शक और कला प्रेमी उपस्थित थे. युवा प्रतिभाओं के आत्मविश्वास, संस्कृति और रचनात्मकता का संगम बना ‘मिस एंड मिस्टर शाइनिंग गोड्डा-सीजन 3’, जिसने गोड्डा में मॉडलिंग और फैशन की नई पहचान गढ़ने का संदेश दिया.

ये बने ‘शाइनिंग गोड्डा’ के विजेता

मिस्टर शाइनिंग गोड्डा 2026 : अभिषेक कुमारमिस शाइनिंग गोड्डा 2026 : सिजा खान

मिसेज शाइनिंग गोड्डा 2026 : सुरुचि कुमारीकिड्स कैटेगरी विजेता : सनाया

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjeet kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >