गंदे पानी और मच्छरों से त्रस्त कुशवाहा टोला के लोग

विश्वासखानी पंचायत के कालाडुमरिया गांव में बीमारी फैलने का खतरा गहराया

महागामा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विश्वासखानी पंचायत के कालाडुमरिया गांव स्थित कुशवाहा टोला में गंदे पानी की निकासी नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि क्षेत्र में मच्छर जनित बीमारियों के फैलने का खतरा गहराता जा रहा है, परंतु अब तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई महीनों से सड़क पर गंदा पानी जमा है और अब बारिश के मौसम में यह समस्या और विकराल हो गयी है. पानी की निकासी की कोई समुचित व्यवस्था न होने के कारण दूषित जल महीनों तक सड़कों पर जमा रहता है, जिससे बदबू के साथ-साथ मच्छरों का भी तेजी से प्रकोप बढ़ता जा रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि गंदगी के कारण पास के कई लोग बीमार पड़ चुके हैं, लेकिन साफ-सफाई और कीटनाशक छिड़काव की दिशा में कोई गंभीर कदम नहीं उठाया गया है. डीडीटी या अन्य रसायनों का छिड़काव या तो होता ही नहीं, और यदि कभी किया भी जाता है तो वह सिर्फ कागजों की खानापूर्ति तक सीमित रह जाता है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बारिश के मौसम में यह समस्या साल दर साल सामने आती है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई स्थायी समाधान नहीं निकलता. नालियों की नियमित सफाई नहीं होने, जल निकासी व्यवस्था ठप रहने और मच्छर नियंत्रण कार्यक्रमों के अभाव के चलते ग्रामीणों को दिन-रात मच्छरों से जूझना पड़ रहा है. कुशवाहा टोला सहित महागामा प्रखंड के अन्य गांवों में भी मच्छरों का आतंक तेजी से फैलता जा रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि संध्या होते ही घरों के बाहर बैठना तक मुश्किल हो जाता है और लोग मच्छरों को भगाने के लिए अगरबत्ती और पारंपरिक उपायों का सहारा लेने को मजबूर हैं. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से अपील की है कि जल्द से जल्द क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाये, नियमित सफाई करवाई जाए और मच्छर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >