गोड्डा :
गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के गंगटा मोहल्ले में लगातार हो रही चोरी की घटना से आक्रोशित और सजग स्थानीय लोगों ने चोरी की नीयत से इलाके में घुसे एक संदिग्ध युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी चकमा देकर फरार हो गये. पकड़ाये युवक की पहचान फसिया डंगाल निवासी साहिल अंसारी (पिता शाहनवाज अंसारी) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, गंगटा मोहल्ले में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही चोरी की वारदातों को देखते हुए स्थानीय लोग सतर्क थे. इस दौरान वीआइपी कॉलोनीवासियों की नजर संदिग्ध युवक पर पड़ी, जो घर के बाहर खड़ा होकर लोगों के आवाजाही की निगरानी कर रहा था.
चोर-चोर का शोर मचते ही भागे साथी, एक युवक पकड़ाया
लोगों को उस पर संदेह हुआ और उन्होंने पूछताछ शुरू की. खुद को घिरता देख युवक घबरा गया. इसके बाद मोहल्लेवासियों ने ''''चोर-चोर'''' का हल्ला मचाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया. शोर सुनकर घर के अंदर चोरी की नीयत से घुसे दो अन्य साथी अमन और साहिल (दोनों निवासी: फसिया डंगाल) मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. पकड़ में आये युवक साहिल अंसारी ने लोगों की पूछताछ में स्वीकार किया कि अपने दोनों साथी अमन और साहिल के साथ मोहल्ले में चोरी करने के इरादे से आया था. जब उसके साथी भीतर काम को अंजाम दे रहे थे, तब वह बाहर खड़े होकर रखवाली कर रहा था.
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को लिया हिरासत में
घटना से गुस्साये लोगों ने पकड़े गए आरोपी की पिटाई करने के बाद मामले की सूचना नगर थाने की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अपनी हिरासत में ले लिया. पुलिस फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पकड़े गये युवक से पूछताछ जारी है.
