प्लस टू उच्च विद्यालय, हनवारा के विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को जागरूकता प्रभात फेरी निकाली. प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से शुरू होकर हनवारा हटिया चौक होते हुए मिल्की चौक तक पहुंची. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्ति से संबंधित नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया. विद्यार्थियों ने गुटखा, सिगरेट, शराब, खैनी एवं बीड़ी जैसे नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से इनका त्याग करने की अपील की. छात्रों ने कहा कि स्वस्थ, सुखी और सफल जीवन के लिए नशे से दूर रहना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने लोगों से नशे की लत छोड़कर समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया. अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना था. प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाने का प्रयास किया. इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक शम्स परवेज, शिक्षक असलम आजाद, जितेंद्र कुमार, रविशंकर महतो, रंजीत कुमार, संतोष कुमार शर्मा सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.
नशा मुक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता प्रभात फेरी
हनवारा के छात्रों ने नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से लोगों को किया जागरूक
