प्रतिनिधि, मेहरमा .एसआरटी कॉलेज धमड़ी में सात दिवसीय सॉफ्ट स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ हुआ. सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका की अंगीभूत इकाई एसआरटी कॉलेज और प्रज्ञा रिसर्च एसोसिएशन, रांची के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी और रोजगारपरक कौशल से सशक्त बनाना है.
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. कुनुल कंडीर ने किया. वहीं कुलसचिव डॉ. अब्दुल सत्तार ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े.
AI और Prompt Engineering की दी गयी ट्रेनिंग
कार्यक्रम के पहले दिन 14 सितंबर को 'एआई एवं प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग तथा एआई टूल्स का नैतिक उपयोग' विषय पर प्रशिक्षण दिया गया. मुख्य वक्ता प्रो. डॉ. खान मोहम्मद बसीर अहमद ने युवाओं को AI के बदलते उपयोग और इसके प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि AI को केवल तकनीक के रूप में देखने के बजाय शिक्षा, शोध और व्यावसायिक विकास के प्रभावी माध्यम के रूप में समझने की जरूरत है. वर्तमान दौर में AI की जानकारी युवाओं के लिए रोजगार और करियर के लिहाज से महत्वपूर्ण कौशल बनती जा रही है.
AI के साथ तथ्य-जांच और डेटा गोपनीयता भी जरूरी
प्रशिक्षण के दौरान प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग के साथ तथ्य-जांच, डेटा गोपनीयता और शैक्षणिक ईमानदारी के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गयी. वक्ता ने युवाओं को AI टूल्स का जिम्मेदारी और नैतिकता के साथ इस्तेमाल करने की आवश्यकता बतायी.
उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ युवाओं में आलोचनात्मक चिंतन, प्रभावी संचार और नैतिक निर्णय लेने की क्षमता विकसित होना भी जरूरी है. इसी दिशा में सात दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कौशलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
रोजगारपरक कौशल पर रहेगा विशेष जोर
आयोजकों के अनुसार आने वाले दिनों में रोजगारपरक विषयों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को बदलते कार्यक्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है, ताकि वे तकनीकी ज्ञान के साथ व्यवहारिक और संचार कौशल में भी बेहतर हो सकें.
कार्यक्रम के अंत में समाजशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक सह आयोजन सचिव डॉ. अभय दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
