प्रतिनिधि, मेहरमा. प्रखंड क्षेत्र के इशीपुर क्रीड़ा स्थल पर 76वें बैकुंठ मेमोरियल फुटबॉल शील्ड प्रतियोगिता का समापन हुआ. आठ टीमों ने भाग लिया, जिसमें झारखंड के जवाहर पटेल फुटबॉल क्लब शंकरपुर ने बिहार के सिमानपुर फुटबॉल क्लब सिमानपुर को फाइनल में हराया. शंकरपुर की टीम ने मध्यांतर से पहले एक गोल किया, जिसे सिमानपुर की टीम मध्यांतर के बाद भी नहीं भेद पाई. निर्णायक सुमन कुमार व सुभाष कुमार ने शंकरपुर को 1-0 से विजेता घोषित किया. रोमांचक मुकाबले में दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं. विजेता टीम को महागामा के पूर्व विधायक राजेश रंजन ने बड़ा शील्ड, एक हजार नकद, फुटबॉल और जर्सी दी, जबकि हारने वाली टीम को कमेटी की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षक नागेश्वर प्रसाद राम ने छोटा शील्ड, एक हजार नकद, जर्सी और फुटबॉल दिया. पूर्व विधायक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अच्छे खेल के लिए प्रोत्साहित किया और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर जिला, राज्य और देश का नाम रौशन करने की प्रेरणा दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
