मेहरमा थाना क्षेत्र के हटिया चौक और पिरोजपुर सिदो-कान्हू चौक पर ऑटो और टोटो के असामयिक व अव्यवस्थित खड़े होने के कारण प्रत्येक दिन जाम लग रहा है. जाम की वजह से न केवल आने-जाने वाली गाड़ियों को मुश्किलें होती हैं, बल्कि आमजन को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. हटिया चौक और सिदो-कान्हू चौक पर गोड्डा-पीरपैंती के अलावा बॉर्डर क्षेत्र होने के कारण, मेहरमा और पीरपैंती के ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाली गाड़ियां और झारखंड के रांची तथा बिहार के भागलपुर जाने वाली गाड़ियां इन मार्गों से होकर गुजरती हैं. इन मार्गों पर सैकड़ों छोटी गाड़ियों का परिचालन होता है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ऑटो और टोटो चालक अपनी-अपनी गाड़ियां यत्र-तत्र खड़ा कर देते हैं, जिससे रोजाना जाम लगता है. जाम के कारण छोटी-बड़ी गाड़ियां देर तक जाम स्थल पर फंस जाती हैं, जिससे गाड़ी चालक और आमजन दोनों परेशान होते हैं. ग्रामीण बिनोद कुमार, राजेश कुमार सिंह, मनोज कुमार, राजू सिंह, विकेश कुमार, नंदन झा ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से जाम से निजात दिलाने और चौक पर उचित पार्किंग व यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग की है.
हटिया व सिदो-कान्हू चौक पर ऑटो-टोटो खड़ा करने से रोजाना लग रहा जाम
जाम से वाहन चालकों और आमजन को भारी परेशानी
