अमरपुर पंचायत के झुरकुसिया गांव में वैशाखी काली पूजा की धूम
गांव में परंपरागत विधि-विधान के साथ मां काली की आराधना
ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के अमरपुर पंचायत के झुरकुसिया गांव में वैशाखी काली पूजा का आयोजन जोरों-शोरों से किया गया. यह पूजा गांव में सदियों से पूर्वजों के समय से विधि-विधान के साथ होती आ रही है. गांव के पूरब दिशा की ओर पीपल वृक्ष के निकट स्थित मां काली और खरहरी स्थान पर भक्तों ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की. पूजा के दौरान मन्नत पूरी होने पर बकरे की बलि अर्पित की जाती है. स्थानीय निवासी मंगल साह और ब्रजमोहन महतो ने बताया कि श्रद्धालुओं की सच्ची भक्ति से मां काली उनकी मुरादें पूरी करती हैं.
पूजा के बाद गोबंधी और बलि का रस्म
पूजा के पश्चात मंदिर के पुजारी और भक्त सिकंदर राय के निर्देशन में पूरे गांव में गोबंधी की रस्म निभायी जाती है. गांव के युवा चारों ओर घूमकर इस रस्म को पूरा करते हैं. इसके बाद सैकड़ों बकरों की बलि अर्पित की जाती है, जिससे पूरे गांव में दो दिनों तक उल्लास का माहौल बना रहता है. अन्य प्रांतों में रहने वाले लोग भी इस अवसर पर झुरकुसिया गांव आकर मां काली के दरबार में हाजिरी लगाते हैं. यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और पूरे गांव के लोग इसे बड़ी श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाते हैं. इस दौरान पंकज कुमार महतो, जितेंद्र महतो, नवीन महतो, सुदाम सिंह, सन्नी कुमार और एकलव्य महतो सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित थे.