कहा जाता है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या विशेष संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि गांव की मिट्टी, संस्कार और मेहनत से भी राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं. इसे सच साबित किया है गोड्डा जिले के पथरगामा प्रखंड के सुदूरवर्ती बंदनवार गांव की छात्रा ऐंजिला ने. उच्च विद्यालय, बंदनवार की कक्षा 10वीं की छात्रा ऐंजिला का भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित प्रतिष्ठित प्रेरणा कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है. देशभर से चुने गए 20 छात्र-छात्राओं में वह शामिल हैं. झारखंड से इस कार्यक्रम के लिए केवल दो विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें ऐंजिला के अलावा महागामा स्थित डीएवी विद्यालय के कक्षा नौवीं के छात्र प्रतीक कुमार भी शामिल हैं. जानकारी के अनुसार प्रेरणा कार्यक्रम के प्रत्येक बैच के लिए देशभर से केवल 20 प्रतिभागियों का चयन किया जाता है. इसके लिए विभिन्न स्तरों की प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं और मूल्यांकन प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है. 18वें बैच के चयन हेतु 15 अप्रैल को जवाहर नवोदय विद्यालय में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गयी थी. इसमें जिले के सभी प्रखंडों के विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, डीएवी, जवाहर नवोदय विद्यालय, सीएमश्री विद्यालय गोड्डा एवं महागामा सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था.
गुजरात के ऐतिहासिक विद्यालय में होगा आवासीय प्रशिक्षण
चयनित छात्रा ऐंजिला गुजरात के वडनगर स्थित वर्ष 1888 में स्थापित ऐतिहासिक वर्नाक्यूलर स्कूल में आयोजित एक सप्ताह के आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगी. यह कार्यक्रम 2 से 8 अगस्त तक संचालित होगा. कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राएं योग, ध्यान, अनुभवात्मक शिक्षा, विषयगत सत्रों एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेंगे. इसके अलावा विरासत स्थलों का भ्रमण, प्रेरणादायक फिल्मों का प्रदर्शन, टैलेंट शो, स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों तथा अत्याधुनिक तकनीकों से परिचय भी कराया जाएगा. प्रतिभागियों की मुलाकात विभिन्न क्षेत्रों के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों से भी करायी जाएगी.
भारतीय मूल्यों और नेतृत्व क्षमता के विकास पर जोर
प्रेरणा एक अनुभवात्मक एवं प्रेरणादायक शिक्षण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सशक्त बनाना तथा उनमें भारतीय जीवन मूल्यों, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है. अपने चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए ऐंजिला ने कहा कि देशभर के 20 विद्यार्थियों में स्थान मिलना उनके लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि यह भारत सरकार की विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा मिलेगी. ऐंजिला ने कहा कि कार्यक्रम में भाग लेकर उन्हें झारखंड की संस्कृति, परंपरा और समाज को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा. साथ ही देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और जीवन शैली को निकट से जानने और समझने का भी मौका प्राप्त होगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.