जलवायु परिवर्तन से निबटने के लिए पौधरोपण जरूरी

विश्व पर्यावरण दिवस. तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय में जिलास्तरीय कार्यक्रम में बोले एसपी

गोड्डा. विश्व पर्यावरण दिवस पर स्थानीय तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय, गोड्डा परिसर में जिला प्रशासन की ओर से जिलास्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करना था. कार्यक्रम में एसपी मुकेश कुमार, डीडीसी विस्पुते श्रीकांत यशवंत, डीएफओ पवन बाघ, महाविद्यालय के प्राचार्य, संकाय सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण किया. परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार तथा पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधे लगाए गए. साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों के संवर्धन का सामूहिक संकल्प भी लिया गया. इस अवसर पर एसपी मुकेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई तथा प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से उत्पन्न चुनौतियों का समाधान केवल पौधरोपण और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने से ही संभव है. डीडीसी विस्पुते श्रीकांत यशवंत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण के अभियान को सफल बनाया जा सकता है. डीएफओ पवन बाघ ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों से अपने घरों, विद्यालयों तथा आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की. मौके पर डॉ अजीता सोरेन, कुणाल प्रसाद, डॉ शेखर डी खाड़े, डॉ एम रंजामा देवी, डॉ निर्मला कुमारी, डॉ अभिजीत सतपथी, डॉ करुणा शंकर, डॉ नीरजा उषा कुजूर, डॉ जेनी प्रिया एक्का, उपाली किस्कू समेत कई शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे. व्यवहार न्यायालय परिसर से निकली साइकिल रैली गोड्डा कोर्ट. विश्व पर्यावरण दिवस पर डालसा के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमेश कुमार की अगुआई में पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से साइकिल रैली का आयोजन किया गया. न्यायिक पदाधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया. आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया. साइकिल रैली व्यवहार न्यायालय परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरी. रैली सदर अस्पताल, गांधी मैदान, सब्जी बाजार और बस स्टैंड होते हुए पुनः न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई. यात्रा के माध्यम से लोगों को साइकिल अपनाने और प्रदूषण कम करने का संदेश दिया गया. पीडीजे रमेश कुमार ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “जलवायु कार्रवाई ” है. यह थीम जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने, कार्बन उत्सर्जन में कटौती करने तथा नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने की आवश्यकता पर केंद्रित है. व्यवहार न्यायालय परिसर में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया. अभियान में पीडीजे रमेश कुमार, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अनिल कुमार पांडेय, जिला जज द्वितीय निरुपम कुमार, जिला जज तृतीय ऋषा श्रीवास्तव तथा अधिवक्ता संघ के महासचिव योगेश चंद्र झा ने पौधे लगाकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया. बढ़ती गर्मी को देखते हुए राहत सामग्री का वितरण कार्यक्रम का संचालन प्राधिकरण के सचिव दीपक कुमार ने किया. इस दौरान भीषण गर्मी को देखते हुए आम लोगों और राहगीरों के बीच पानी की बोतलें, शीतल पेय तथा ओआरएस के पैकेट वितरित किए गए. मौके पर सभी न्यायिक पदाधिकारी, न्यायालय कर्मी, एलएडीसी, अधिकार मित्र, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान उपस्थित थे. अदाणी फाउंडेशन ने नौ स्कूलों में लगवाये 100 पौधे गोड्डा. विश्व पर्यावरण दिवस पर अदाणी फाउंडेशन ने अदाणी पावर प्लांट के कोर क्षेत्र के सात विद्यालयों एवं दो शिक्षण केंद्रों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया. मोतिया, पेटवी, बक्सारा, सोनडीहा, परासी, डुमरिया, कौड़ी बहियार, अमरा कनोली और करणु के लगभग 500 बच्चों ने इसमें भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ 100 पौधे लगाए गए. विद्यार्थियों को बताया गया कि पेड़-पौधे शुद्ध वायु प्रदान करते हैं और जलवायु संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. बच्चों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया. इस दौरान जल संरक्षण, बागवानी और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के संबंध में जागरुकता सत्र आयोजित किए गये. विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया. अभिभावकों ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना की. श्री राम स्वयंसेवा ट्रस्ट सदस्यों ने किया पौधरोपण तस्वीर- 08 में पौधा लगाते ट्रस्ट के सहयोगी गोड्डा. विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम ” कार्यक्रम के तहत श्री राम स्वयंसेवा ट्रस्ट ने विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष संजीव टेकरीवाल, शिवेश वर्मा, आशीष यादव, संतोष कुमार, गौतम राज तथा सचिव नीना कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे. जीतपुर खनन परियोजना ने लगाये गये 200 से अधिक पौधे तस्वीर- 09 में डीएवी स्कूल परिसर गोड्डा. गोड्डा स्थित जीतपुर खनन परियोजना की ओर से डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. परियोजना के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. कार्यक्रम के दौरान 200 से अधिक पौधे लगाए गए. इनमें शीशम, सागवान, महोगनी और गम्हार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल थे. उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निबटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण समय की आवश्यकता है. परियोजना प्रबंधन की ओर से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया. प्रतिभागियों को हरित पर्यावरण के महत्व, जैव विविधता संरक्षण तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता की जानकारी दी गयी. महिला कॉलेज में एनएसएस की इकाइयों ने किया पौधरोपण तस्वीर- 10 में पौधा लगाते प्रतिभागी गोड्डा. स्थानीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस की चारों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाये गये. इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्या डॉ सुमनलता, प्रो पूनम झा, रेखा कुमारी, डॉ विभा राय, डॉ नूतन झा, डॉ शाबरा तबस्सुम, प्रो राजीव कुमार भारती, जयकिशन, रौशन कुमार, शांति टुडू, मीना टुडू, मनिता मरांडी और प्राची सहित अन्य लोग उपस्थित थे. विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया पौधरोपण तस्वीर- 11 में पौधरोपण करते कार्यकर्ता हनवारा. हनवारा मंडल अंतर्गत ग्राम नयानगर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. पूर्व विधायक अशोक कुमार भगत ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. श्री भगत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है. बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निबटने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करना जरूरी है. भाजपा कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का निर्णय लिया. मधुकुप्पी में पौधरोपण, नवप्रशांत ने की शुरुआत पोड़ैयाहाट. पोड़ैयाहाट में विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया गया. प्रशांत ममता ट्रस्ट द्वारा ग्राम मधुकुप्पी में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहीं प्रखंड परिसर स्थित जाहेरथान में बीडीओ फुलेश्वर ने पौधारोपण कर प्रशासनिक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. मधुकुप्पी कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व विधायक स्वर्गीय प्रशांत मंडल के पौत्र नवप्रशांत ने प्रथम पौधा लगाकर की. उनकी इस पहल को ग्रामीणों ने नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया. ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने बड़ी संख्या में पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया. कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय महिला आयोग सदस्य ममता कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं. उन्होंने कहा कि एक-एक पेड़ से ही आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित होगा. इस अवसर पर कीर्ति संस्था के संस्थापक कांति प्रसाद सिंह, मीरा सिंह, विनीता कुमारी, सिदाम दे, गोवर्धन मंडल, मेघलाल यादव तथा देवडांड़ थाना प्रभारी अमित मार्की उपस्थित थे. वहीं प्रखंड परिसर स्थित जाहेरथान में बीडीओ फुलेश्वर ने पौधरोपण किया. इस दौरान एमओ अभय तिवारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संदीप यादव, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अजय कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAKESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >