हनवारा के हिरकरहरिया में विवाहिता का शव फंदे से झुलता बरामद

मायके वालों ने लगाया पति पर हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

हनवारा थाना अंतर्गत हिरकरहरिया गांव में बीती रात एक विवाहिता का शव फंदे से झूलता हुआ मिला है. मृतका का शव गोहाल से बरामद किया गया है. मृतका के शव के गले में दुपट्टे का फंदा बांधकर बांस के सहारे झूल रहा था. बताया जाता है कि शनिवार की सुबह मवेशी निकाले जाने के दौरान महिला को बांस के सहारे झुलता हुआ पाया गया. तब जाकर परिजनों को इसकी सूचना दी गयी. जानकारी होने पर पति मुजाहिद दौड़ता पहुंचा और पत्नी को बांस के सहारे झुलता देखा. पति ने घटना की जानकारी ससुराल पक्ष को दी. जब ससुराल के लोग अपनी बेटी के घर पहुंचे, तो उल्टे दामाद पर ही हत्या करने का आरोप मढ़ दिया. मृतका के परिजनों ने अपने दामाद पर आरोप लगाते हुए कहा कि विवाहिता का पति शराब का शौकिन था और वह शराब पीने के बाद अक्सर मारपीट करता था. इसको लेकर कई बार समझाने का भी प्रयास किया गया. मुजाहिद की शादी तकरीबन 10 साल पहले हुई थी. उसके चार छोटे-छोटे बच्चे भी हैं. मुजाहिद बाहर के राज्यों में रहकर अपने परिवार का भरण पोषण करता है. घटना से करीब 15 दिन पहले वह घर आया था. घटना की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. फिर दोनों कमरे में जाकर सोने चले गये. सुबह विवाहिता का शव मवेशी घर से बरामद किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गयी. हनवारा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी पति को गिरफ्तार किया है. इस मामले में पुलिस को दिये गये बयान पर केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जाएगी. मामला हत्या का है या आत्महत्या का जांच का विषय है. पोस्टमॉर्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >