गोड्डा में बाइक चोरी रोकने के लिए पुलिस ने तेज की कार्रवाई, दो चोरी की बाइक हुई बरामद

एक बाइक बासुकीनाथ में मिली, दूसरी को बांका जिले में शराब तस्कर से किया गया जब्त

गोड्डा जिले में बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. हाल ही में कोर्ट परिसर से चोरी हुई धरणीधर प्रसाद की बाइक के बासुकीनाथ थाना क्षेत्र में मिलने की संभावना जतायी गयी है. नगर थाना प्रभारी दिनेश महली ने बताया कि पुलिस टीम को वहां जांच के लिए भेजा गया है. प्रारंभिक सूचना के अनुसार, स्थानीय पुलिस द्वारा बाइक बरामद की जा चुकी है, जिसकी पुष्टि की जा रही है. इसी तरह, पिछले वर्ष अक्टूबर में पथराहाट से चोरी हुई ग्लैमर बाइक (जेएच17आर-4589) को भी बांका जिले में बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, उक्त बाइक को एक शराब तस्कर के पास से जब्त किया गया है. बाइक पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के कठौन नाजिर टोला निवासी मोहम्मद हारूण अंसारी की बतायी जा रही है. बरामदगी की सूचना गोड्डा पुलिस और संबंधित आवेदनकर्ता को दे दी गयी है.

बाइक चोर गिरोह सक्रिय, अंतरराज्यीय कनेक्शन भी उजागर

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सदर अस्पताल परिसर समेत कई क्षेत्रों से लगातार बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं. कुछ दिन पहले मुफस्सिल थाना पुलिस ने सदर अस्पताल से चोरी गयी बाइक और चोर दोनों को गिरफ्तार किया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गोड्डा में सक्रिय बाइक चोर गिरोह संगठित तरीके से कार्य कर रहे हैं, जिनका नेटवर्क झारखंड से लेकर बिहार तक फैला हुआ है. चोरी की गयी बाइकें बिहार में 15-16 हजार रुपये में बेची जाती है, जहां उनका उपयोग शराब और कोयले की तस्करी में किया जाता है. गिरोह में हैंडलर, रिसीवर और विक्रेता अलग-अलग होते हैं, जो अपने-अपने स्तर पर काम करते हैं. पुलिस के अनुसार, इन गिरोहों का शीघ्र पर्दाफाश जरूरी है, अन्यथा इनकी गतिविधियां और अधिक बढ़ सकती हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >