गोड्डा : आधार केंद्र के उद्घाटन के बाद सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने प्रेस वार्ता की. इस दौरान उन्होंने राज्य में झामुमो की ओर से एमएमडीआर को लेकर चल रहे आंदोलन पर निशाना साधा. सांसद ने कहा कि कोयला, बालू, मिट्टी और खनिज पर राज्य सरकार का अधिकार है और वह इन्हें बेच रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि कोयले में क्या पड़ा हुआ है.
उन्होंने कहा कि कोयला केवल झारखंड के पास नहीं है. ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और बंगाल के पास भी कोयला है. सांसद ने कहा कि अन्य राज्य इस मुद्दे पर नहीं चिल्ला रहे हैं, जबकि झारखंड सरकार इसको लेकर मुखर है. उन्होंने कहा कि कोयला नहीं मिलने से देश का काम रुकने की बात सही नहीं है और स्विट्जरलैंड व सिंगापुर जैसे देशों का उदाहरण दिया.
एसआईआर को लेकर भी बोले सांसद
एसआईआर पर सांसद ने कहा कि इसमें सभी राजनीतिक दलों का इन्वॉल्वमेंट है और राजनीतिक कार्यकर्ता मदद के लिए लगे हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के मददगार लोग हैं और चुनाव आयोग ने उनकी नियुक्ति की है.
विनय मंडल मामले में कार्रवाई की बात
गोड्डा में भाजपा कार्यकर्ता विनय मंडल के मामले को लेकर सांसद ने कहा कि उनके खिलाफ हंगामा और एफआईआर की कार्रवाई गलत और दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यह कार्रवाई की है, चाहे अधिकारी हों या राजनीतिक दल के लोग, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी.
सांसद ने बताया कि इस मामले में झारखंड सरकार के मुख्य सचिव को हटाने के लिए चुनाव आयोग को लिखा गया है. उनका आरोप है कि मुख्य सचिव ने मामले में हस्तक्षेप किया और एफआईआर कराने की कोशिश की, जो उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है.
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर योजनाएं गिनायीं
सांसद ने कहा कि बिजली, सड़क, पानी और स्वास्थ्य उनकी जिम्मेवारी है. उन्होंने बताया कि बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट का हिंदुजा के साथ टाईअप है और 23 सितंबर को देवघर में अस्पताल का उद्घाटन किया जायेगा.
उन्होंने गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में 50 जगह सैंपल कलेक्शन सेंटर और टेस्ट की सुविधा शुरू करने की बात कही. सांसद के अनुसार मशीन से 80 प्रकार के टेस्ट किये जा सकेंगे और जांच की लागत कम होगी. उन्होंने बताया कि इस तकनीक को आईआईटी और पीजीआई चंडीगढ़ ने विकसित किया है.
आरओ वाटर और गंगा के पानी का भी जिक्र
सांसद ने आम लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने और आरओ वाटर प्लांट के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की बात कही. उन्होंने गोड्डा के बसंतराय क्षेत्र में पानी की समस्या का भी जिक्र किया. साथ ही गंगा का पानी लाने को लेकर भी प्रयास जारी होने की बात कही.
रेलवे परियोजनाओं का किया निरीक्षण
प्रेस वार्ता के बाद सांसद ने गोड्डा-महागामा नये रेलखंड में दियारा गांव के पास बन रहे आरओबी स्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने गोड्डा रेलवे स्टेशन के समीप बन रहे वाशिंग पिट का भी निरीक्षण किया.
सांसद ने कहा कि गोड्डा रेल संचालन में वाशिंग पिट मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने आने वाले समय में गोड्डा को कई लंबी दूरी की ट्रेनें मिलने की बात भी दोहरायी. मौके पर सुभाष यादव, आशुतोष चक्रवर्ती, प्रबोध सोरेन आदि मौजूद थे.
