क्षेत्रीय कार्यालय झारक्राफ्ट, भगैया में जेएसएलपीएस से जुड़ी सखी मंडल की महिलाओं के लिए महिला उद्यमिता संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता विकास तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना था. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसबीआइ भगैया के बैंक प्रबंधक नौशाद अहमद ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक उन्नति से परिवार, समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है. उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने तथा सफल उद्यमी बनने का आह्वान किया. मुख्य प्रशिक्षक शंकर कुमार गुप्ता ने प्रतिभागियों को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, उद्यम स्थापना, वित्तीय सहायता, विपणन तथा व्यवसाय प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं. उन्होंने कहा कि उचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं. इस अवसर पर झारक्राफ्ट के वरीय उत्पादन पदाधिकारी राज कुमार ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं उद्यमिता के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी. वहीं सहयोगी प्रशिक्षक निकिता कुमारी ने स्वरोजगार के व्यावहारिक पहलुओं तथा व्यवसाय संचालन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां साझा कीं.
महिला उद्यमिता संवर्धन कार्यक्रम में 60 महिलाओं को दिया गया प्रशिक्षण
स्वरोजगार एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित
