प्रतिनिधि, बोआरीजोर राजमहल कोल परियोजना के अधीनस्थ कार्यरत आरसीएमएल (बिड़ला ) कंपनी के कार्यालय ऊर्जानगर गुदिया गेस्ट हाउस पहुंचकर प्रमुख जशीनता हेंब्रम ने कंपनी के पदाधिकारी नित्यानंद यादव को ज्ञापन सौंपा. इस दौरान प्रमुख ने कहा कि यह प्रखंड परियोजना के खनन क्षेत्र से प्रभावित है. क्षेत्र के लोग परियोजना के खनन कार्य से कई तरह की समस्या से जूझ रहे हैं. कोयला के धूलकण से गंभीर बीमारी की चपेट में आ रहे हैं. खनन कार्य के कारण क्षेत्र के पानी का स्तर नीचे चला गया है. नदी, तालाब, कुआं सूख चुके हैं. प्रमुख ने ज्ञापन देकर कहा खनन कार्य के कुछ दूरी पर भरेंदा व हररखा गांव बसा हुआ है. गांव की नदी सूख चुकी है. इससे मवेशी को पानी पीने एवं किसान को सिंचाई करने में परेशानी हो रही है. सिंचाई नहीं होने से फसल का नुकसान हो रहा है. प्रमुख ने कंपनी के पदाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि खनन क्षेत्र के पानी को नदी में छोड़ा जाये. ताकि किसान को सिंचाई करने में सुविधा हो सके. मवेशी को पीने का समुचित पानी मिल सके. उन्होंने कहा कि खेती का मौसम है. इसलिए पानी की अत्यधिक कठिनाई हो सकती है. खनन क्षेत्र का पानी नदी में तुरंत छोड़ने की मांग की. नदी में पानी आ जाने से लगभग 15 गांवों के किसान लाभान्वित होंगे. पदाधिकारी ने प्रमुख को आश्वासन दिया कि दो दिनों के अंदर खनन क्षेत्र का पानी नदी में छोड़ा जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
