गोड्डा : पथरगामा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में एक हादसे में सरिया धंसने से एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान रामपुर गांव निवासी सन्नी मंडल के रूप में हुई है.
अनियंत्रित होकर सरिया पर गिरने से हुआ हादसा
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सन्नी मंडल काम कर रहा था, तभी अनियंत्रित होकर सरिया पर गिर पड़ा. इसके चलते लोहे का सरिया उसके गुप्तांग में गहरे तक धंस गया. हादसे के बाद उसके चीखने-चिल्लाने पर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे. कड़ी मशक्कत के बाद उसे सरिया से बाहर निकाला गया.
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर
परिजनों ने आनन-फानन में घायल सन्नी मंडल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया. हालांकि, स्थिति की गंभीरता और आंतरिक चोटों की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज और आपातकालीन सर्जरी के लिए उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया.
भागलपुर ले जाने के दौरान हालत चिंताजनक
अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि भागलपुर ले जाने के दौरान घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई थी.
