गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के अमरपुर स्थित फतेह टोला में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गयी. मृतक की पहचान फतेह टोला निवासी 65 वर्षीय सुखदेव साह, पिता स्वर्गीय गोपाल साह, के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है तथा पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है. परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह सुखदेव साह घर की छत पर गये थे. छत से नीचे उतरने के दौरान सीढ़ियों पर उनका संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिससे वे अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े. ऊंचाई से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा ले गये. हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर हो चुकी थी. अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया, घटना की जानकारी मिलने पर नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच जारी है. सुखदेव साह की आकस्मिक मृत्यु से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, फतेह टोला क्षेत्र में भी शोक की लहर व्याप्त है. स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है.
छत से गिरने पर वृद्ध की मौत, फतेह टोला में शोक
सीढ़ियों से उतरते समय बिगड़ा संतुलन, सिर में लगी गंभीर चोट
