गोड्डा जिले में मंगलवार को हुई विभिन्न दर्दनाक घटनाओं के बाद बुधवार को भी शोक और मातम का माहौल बना रहा. वज्रपात, सर्पदंश, बिजली के करंट और आत्महत्या की अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की मौत से कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं विभिन्न घटनाओं में घायल हुए लोगों का इलाज जिले के अलग-अलग अस्पतालों में जारी है. प्रशासन ने लोगों से मौसम और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. मंगलवार शाम हुई तेज बारिश और वज्रपात की घटनाओं में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तीन लोगों की जान चली गयी थी. बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिये गये. इसके बाद संबंधित गांवों में शोक का माहौल बना रहा. हनवारा थाना क्षेत्र के गोरगम्मा गांव की बीबी जोहरा, महागामा थाना क्षेत्र के बनरचुआ गांव के मोहम्मद इम्तियाज तथा बसंतराय थाना क्षेत्र के कैथपुरा गांव की छात्रा शबनम खातून की मौत से ग्रामीणों में भी गहरा दुख देखा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं वज्रपात की चपेट में आकर घायल हुए लोगों का उपचार जारी है.
सर्पदंश से हुई मौत के बाद परिवार पर टूटा संकट
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गायछांद गांव निवासी चंदन साह की सर्पदंश से हुई मौत के बाद उनके परिवार के समक्ष आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है. परिजनों के अनुसार जहरीले सांप के काटने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचायी जा सकी. मृतक अपने परिवार के प्रमुख कमाऊ सदस्य थे. उनकी असामयिक मृत्यु से पत्नी और बच्चों का भविष्य चिंता का विषय बन गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.करंट लगने से महिला की मौत ने बढ़ायी चिंता
तेलोबदर गांव में करंट लगने से हुई चंदा देवी की मौत ने ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किये हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में खुले और जर्जर बिजली तार लोगों के लिए खतरा बने रहते हैं. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से नियमित निरीक्षण और आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है.युवती की आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के झपनीबांध गांव में 22 वर्षीय तारा हेम्ब्रम द्वारा फंदे से लटककर आत्महत्या किये जाने के मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. आत्महत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है.
