जुलूस, चादरपोशी और अमन की दुआ... ईद मिलादुन्नबी पर भक्तिमय हुआ मेहरमा

मेहरमा में ईद मिलादुन्नबी का पर्व धूमधाम से मनाया गया. मस्जिदों में विशेष इबादत, मजारों पर चादरपोशी और अमन-चैन की दुआएं मांगी.

प्रतिनिधि, मेहरमा. प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व धूमधाम और खुशनुमा माहौल में मनाया गया. सिंघाड़ी, बरारी, सुखाड़ी, मालप्रतापुर, हरिपुर, डोय सहित कई गांवों में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने अकीदत के साथ पर्व मनाया. इस दौरान मस्जिदों में विशेष इबादत की गयी, जबकि लोगों ने मजारों पर पहुंचकर चादरपोशी की और अमन-चैन की दुआ मांगी.

मस्जिदों में हुई विशेष इबादत, पैगंबर की दी गयी सीख

ईद मिलादुन्नबी को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस की स्मृति में मनाया जाता है. इस अवसर पर मस्जिदों और घरों में कुरान-ए-पाक की तिलावत की गयी. लोगों को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन, उनके आदर्शों और उनके बताये रास्ते पर चलने का संदेश दिया गया.

धार्मिक मान्यता के अनुसार, रबीउल अव्वल इस्लामी कैलेंडर का तीसरा महीना है और इसे रहमत व बरकत का महीना माना जाता है. इसी महीने की 12 तारीख को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्म हुआ था. मुस्लिम समाज में इस दिन को विशेष धार्मिक महत्व के साथ मनाया जाता है.

सिंघाड़ी से निकला जुलूस, मजार पर हुई चादरपोशी

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सिंघाड़ी गांव से सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने जुलूस निकाला. जुलूस गांव से निकलकर प्रखंड मुख्यालय के पीछे स्थित मजार पहुंचा. यहां लोगों ने नमाज अदा की, चादरपोशी की और मिठाई चढ़ायी.

जुलूस में शामिल लोगों में पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आया. पूरे रास्ते धार्मिक माहौल बना रहा. लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस निकाला और मजार पहुंचकर धार्मिक रस्में पूरी कीं.

घरों में पकवान और मिठाइयां बनाकर मनाया पर्व

पर्व को लेकर सुबह से ही मुस्लिम परिवारों में उत्साह का माहौल रहा. लोग पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस की तैयारी में जुटे रहे. घरों में तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां तैयार की गयीं. इसके बाद लोग मजार पहुंचकर नमाज अदा करने के दौरान मिठाई चढ़ाते रहे और एक-दूसरे के बीच प्रसाद के रूप में वितरित किया.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही मुस्तैद

जुलूस और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए मेहरमा थाना पुलिस सक्रिय रही. थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर स्वयं पुलिस बल के साथ व्यवस्था संभालते नजर आये. पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने जुलूस के मार्ग से लेकर मजार परिसर तक निगरानी रखी.

प्रखंड क्षेत्र में ईद मिलादुन्नबी का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. इस दौरान विभिन्न गांवों में धार्मिक आस्था के साथ भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nirabh kishor

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >