गोड्डा : जिले में सितंबर महीने और भादो माह में हुई जोरदार बारिश से किसानों के चेहरे पर रौनक लौट आयी है. लगातार दो दिनों से हो रही बारिश से खेतों को पानी मिला है. जिला कृषि कार्यालय की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, 2 सितंबर को जिले में औसतन 42.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 3.4 मिमी बारिश हुई थी.
सदर और सुंदरपहाड़ी में 53 मिमी से अधिक बारिश
रिपोर्ट के अनुसार, गोड्डा सदर में 53.4 मिमी और सुंदरपहाड़ी में 53.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी. सितंबर महीने के लिए गोड्डा जिले का सामान्य वर्षापात 189.8 मिमी है. सितंबर के शुरुआती दो दिनों में जिले का कुल औसत वर्षापात 51.4 मिमी तक पहुंच चुका है.
इन दो दिनों में गोड्डा प्रखंड में सर्वाधिक कुल 76.6 मिमी और सुंदरपहाड़ी में 58.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी.
शहर में जलजमाव से परेशानी
इधर, बारिश के कारण गोड्डा शहर में कई जगह जलजमाव की स्थिति बन गयी है. सरकंडा चौक और शहर के साकेत पुरी मुहल्ले में पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पहले दो दिनों का प्रखंडवार वर्षापात
- गोड्डा - 76.6 मिमी
- सुंदरपहाड़ी - 58.4 मिमी
- पोड़ैयाहाट - 56.6 मिमी
- बोआरीजोर - 51.2 मिमी
- मेहरमा - 48.0 मिमी
- महागामा - 47.6 मिमी
- ठाकुरगंगटी - 45.2 मिमी
- बसंतराय - 41.2 मिमी
- पथरगामा - 37.4 मिमी
