प्रतिनिधि, हनवारा बकरीद पर्व नजदीक आते ही महागामा प्रखंड के हनवारा हाट में शनिवार को खास रौनक देखने को मिली. सुबह से ही हाट परिसर में खरीदारों और बकरा व्यापारियों की भीड़ उमड़ पड़ी. आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज इलाकों से भी लोग कुर्बानी के लिए बकरा खरीदने पहुंचे. पूरे दिन बाजार में चहल-पहल और खरीदारी का माहौल बना रहा. हाट में छोटे, बड़े और अच्छी नस्ल के बकरे लोगों को आकर्षित करते नजर आये. खरीदार अपनी पसंद, जरूरत और बजट के अनुसार बकरों की खरीदारी करते दिखे. कई जगहों पर कीमत को लेकर खरीदारों और व्यापारियों के बीच मोलभाव भी चलता रहा.व्यापारियों ने बताया कि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में बकरों के दाम में बढ़ोतरी हुई है. चारा, दाना और देखभाल के खर्च बढ़ने के कारण कीमतें अधिक हैं. इसके बावजूद लोगों में बकरीद को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ है. लोग अच्छे और खूबसूरत बकरे की तलाश में घंटों हाट में घूमते नजर आये. बाजार में बढ़ती भीड़ और अच्छी बिक्री से व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आये. हाट की रौनक बकरीद पर्व की तैयारियों को और खास बना रही है.
बकरीद को लेकर हनवारा हाट में बढ़ी रौनक
आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज इलाकों से भी लोग कुर्बानी के लिए बकरा खरीदने पहुंचे.
