अच्छी बारिश से किसानों में उत्साह, धान की बुआई में जुटे कृषक

सरकारी दर पर उपलब्ध कराया जा रहा सरना धान का बीज, बेहतर फसल की उम्मीद

मेहरमा प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. समय पर वर्षा होने से किसान धान की बुआई और खेतों की तैयारी में जुट गये हैं. खेतों में धान बीज डालने के साथ-साथ जुताई का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है. किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी प्रकार अनुकूल बना रहा तो इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार होने की संभावना है. फिलहाल किसान सरना धान के बीज की बुआई कर रहे हैं, जबकि लगभग 15 दिनों बाद हाइब्रिड धान की बुआई शुरू की जाएगी. किसानों के अनुसार, विभिन्न बाजारों में धान बीज की मांग बढ़ गयी है. वर्तमान में किसान 25 किलोग्राम के एक बोरे धान बीज के लिए एक हजार रुपये से लेकर 1700 रुपये तक खर्च कर रहे हैं. इधर, राज्य सरकार द्वारा मेहरमा प्रखंड को 029 क्विंटल सरना धान बीज आवंटित किया गया है. यह बीज सिमानपुर, कसबा गझंडा, धनकुढ़िया, डोय, लकड़मारा, सिंघाड़ी और शंकरपुर पैक्स को उपलब्ध करा दिया गया है.

सरकारी दर पर मिलेगा बीज

बीडीओ अभिनव कुमार ने बताया कि संबंधित पैक्सों के माध्यम से किसानों को सरना धान का बीज सरकारी दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है. किसानों को 25 किलोग्राम का एक बैग 512 रुपये में दिया जाएगा, जिससे उन्हें बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर बीज मिल सकेगा. मेहरमा प्रखंड को जिले में धान उत्पादन के प्रमुख क्षेत्रों में गिना जाता है. यहां के किसान बड़े पैमाने पर धान की खेती करते हैं और जिले में सर्वाधिक धान उत्पादन भी इसी क्षेत्र से होता है. हालांकि, पिछले दो वर्षों में अनियमित वर्षा और प्रतिकूल मौसम के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था. इस वर्ष समय पर हुई बारिश से किसानों में नयी उम्मीद जगी है. किसानों का कहना है कि यदि मानसून इसी तरह साथ देता रहा तो इस बार धान की अच्छी पैदावार होगी और पिछले वर्षों के नुकसान की भरपाई भी हो सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >