गोड्डा से पलायन और बेरोजगारी मिटाने का मास्टरप्लान; उद्योग मंत्री ने DC से मांगी जमीन

गोड्डा में बेरोजगारी खत्म करने और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने के लिए 'तेजस' योजना लागू की गई है. उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि छोटे कुटीर उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे पलायन रुकेगा और युवा अपराध से दूर होंगे.

संवाददाता, गोड्डा.गोड्डा जिले से बेरोजगारी को खत्म करने और युवाओं का पलायन रोकने के लिए अब सरकार ने कमर कस ली है. घर-घर छोटे उद्योगों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन पर जोर दिया जा रहा है. इसी सिलसिले में स्थानीय तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय सभागार में केंद्र सरकार के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) तथा स्टार्टअप योजना के तत्वावधान में जिला स्तरीय ‘तेजस’ कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस खास कार्यक्रम का उद्घाटन गोड्डा के विधायक सह सूबे के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किया.

'तेजस' योजना से बदलेगी तस्वीर, घर-घर शुरू होगा रोजगार

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देश पर राज्य के 19 जिलों में ‘तेजस’ योजना लागू की गयी है. इसका मुख्य उद्देश्य बेरोजगारी को जड़ से खत्म करना है. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि जागरूकता की कमी के कारण महिलाएं, बुजुर्ग और युवा इस बेहतरीन योजना का पूरा लाभ नहीं उठा पा रहे हैं. मंत्री ने साफ किया कि उद्योग का मतलब केवल बड़ी फैक्ट्री नहीं होता. लोग अपने घर से ही पापड़ बनाने, स्वेटर-साड़ी बुनने और सब्जी उत्पादन जैसे छोटे कुटीर उद्योग शुरू कर सकते हैं, जिसके लिए सरकार लोन और सब्सिडी दोनों उपलब्ध करायेगी.

गोड्डा में बड़ी फैक्ट्री के लिए जमीन तलाशने का निर्देश

मंत्री ने कहा कि गोड्डा में अब तक कोई बड़ा उद्योग स्थापित नहीं हो पाया है जो कि चिंता का विषय है. उन्होंने मंच से ही डीसी को जल्द से जल्द बड़े उद्योगों के लिए जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही उन्होंने राज्य के उत्पादों के निर्यात के लिए देवघर, रांची और जमशेदपुर में इंटरनेशनल और नेशनल एयरपोर्ट विकसित करने की मांग केंद्र सरकार से की, ताकि संथाल परगना सहित पूरे झारखंड के उत्पाद सीधे विदेशों तक भेजे जा सकें.

नशाखोरी और अपराध की राह छोड़ेंगे युवा

उद्योग मंत्री ने जोर देकर कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से युवाओं का पलायन कम होगा. जब युवाओं के पास काम होगा, तो उन्हें अपराध तथा नशाखोरी जैसी गलत दिशाओं से वापस लौटने में मदद मिलेगी. उन्होंने अधिकारियों से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार पंचायत स्तर तक करने और युवाओं को स्वावलंबी बनने की अपील की.

इस जिला स्तरीय कार्यशाला में डीडीसी श्रीकांत यशवंत, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य इकरारूल हसन आलम, डीआईसी प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद, प्राचार्य डॉ अमृत कुमार झा, जुडको रांची से विकास कुमार, दीपक कुमार, धनंजय प्रसाद यादव, झारक्राफ्ट के वरीय प्रबंधक मो अब्दुल कादिर और मनीष कुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >