बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का खुलेगा राज! यूपी से सद्दाम गिरफ्तार, पुलिस ने तोड़ी अंतर्राज्यीय गिरोह की कमर

गोड्डा पुलिस ने बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश से मुख्य आरोपी सद्दाम को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई से अंतर्राज्यीय आपराधिक गिरोह की कमर टूट गई है. पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी.

प्रतिनिधि, गोड्डा : गोड्डा शहर के कारगिल चौक के समीप स्थित बंगाल ज्वेलर्स में 8 जुलाई की शाम हुई हथियारबंद लूटकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पूरे गिरोह को डिटेक्ट कर लिया है. बड़ी घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों का नेटवर्क गोड्डा से लेकर देवघर, दुमका, बांका, पाकुड़ और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था. पुलिस की कार्रवाई से गिरोह के सदस्य या तो सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं या उनकी मौत हो चुकी है.

यूपी से गिरफ्तार हुआ सद्दाम

एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के अनुसार, बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का तीसरा मुख्य आरोपी सद्दाम, निवासी बांका, को गोड्डा पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है और उसे गोड्डा लाया गया है. एसडीपीओ से मिली जानकारी के अनुसार बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का पर्दाफाश गोड्डा पुलिस मंगलवार को करेगी.

लूटपाट और गोलीबारी करने वाले तीनों मुख्य आरोपियों दानवीर, अनिल सिंह और सद्दाम के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने इस अंतर्राज्यीय आपराधिक गिरोह की कमर पूरी तरह तोड़ दी है. दानवीर जेल में है, अनिल सिंह की मौत हो चुकी है और सद्दाम गिरफ्तार हो चुका है.

38 ग्राम सोना, 4.5 किलो चांदी और नकदी बरामद

जानकारी के अनुसार घटना के बाद गठित एसआईटी ने सबसे पहले देवघर से अजय यादव और राकेश यादव को गिरफ्तार किया था, जिनकी निशानदेही पर 38 ग्राम सोना और 45 हजार रुपये नकद मिले थे.

इसके बाद बासुकीनाथ और अन्य स्थानों से चंदेश्वर कुमार साह, कारू साह, शिवशंकर कुमार, धनंजय गायकवाड़, पवन कुमार, उत्तम कुमार और अमन कुमार सराफ को गिरफ्तार किया गया था. इनके पास से 4.5 किलोग्राम से अधिक चांदी और 38 ग्राम सोना बरामद हुआ था.

एक जेल में, दूसरा मारा गया

लूटकांड में सीधे शामिल तीन मुख्य अपराधियों में से एक दानवीर पासवान को पाकुड़ पुलिस ने गोड्डा पुलिस के इनपुट पर गिरफ्तार किया था. वहीं, दुकान में गोली चलाने वाले दूसरे मुख्य मास्टरमाइंड अनिल सिंह का शव 14 सितंबर को देवघर के सारवां थाना क्षेत्र की झाड़ियों से बरामद हुआ था. अनिल पर गोड्डा, बांका, देवघर, जामताड़ा और बोकारो में कई संगीन मामले दर्ज थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >