राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्या ने निरीक्षण में पायी कई खामियां प्रतिनिधि, पथरगामा. राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्या ममता कुमारी ने परसपानी पंचायत स्थित राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज सह अस्पताल का निरीक्षण किया. प्राचार्य की अनुपस्थिति में प्रभारी प्राचार्य उषा यादव निरीक्षण के दौरान मौजूद रहीं. निरीक्षण के बाद प्रेस वार्ता में ममता कुमारी ने कॉलेज की दयनीय स्थिति पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि छात्रों को कई असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि कॉलेज में न तो लैब है और न ही भोजन की व्यवस्था. छात्राओं की सुरक्षा में भी कमी है. भवन की स्थिति चिंताजनक है, दीवारों में दरारें हैं और निर्माण के बाद से रंग-रोगन नहीं हुआ है. 18 एकड़ में फैला परिसर रखरखाव के अभाव में जंगल जैसा दिख रहा है और इसमें बाग-बगीचे भी नहीं हैं. निरीक्षण में आउटडोर सेवा भी बंद पाई गई. ममता कुमारी ने छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था अच्छी नहीं है. छात्रों से बातचीत में बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था न होने की बात भी सामने आयी. उन्होंने बताया कि अगस्त में पूरा होने वाला हॉस्टल का निर्माण कार्य अक्तूबर में भी अधूरा है. इन असुविधाओं से संबंधित रिपोर्ट आयोग को भेजी जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
