प्रतिनिधि, गोड्डा. बुधवार शाम गोड्डा जिला मुख्यालय में सभी मां काली प्रतिमाओं का विसर्जन भक्तिभाव और उल्लास के साथ किया गया. मंदिर परिसर से निकली विसर्जन शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए. इस दौरान मां काली के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. यह शोभायात्रा कारगिल चौक, असनबनी, नहर चौक, सरकंडा चौक, हटिया चौक, शिवपुर आदि स्थानों का भ्रमण करते हुए मुलर्स टैंक पहुंची, जहां विधि-विधानपूर्वक प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने मां काली की आरती, भजन, नाच-गान के साथ फूलों की वर्षा की, जिससे भक्तिमय माहौल बना रहा. विसर्जन स्थल पर स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति की टीम सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद रही. भक्तों ने एक-दूसरे को प्रसाद वितरित किया और मां काली से सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
