पोड़ैयाहाट में भाजपा कार्यकर्ताओं की आक्रोश रैली, प्रखंड कार्यालय में किया प्रदर्शन

राज्य सरकार में भ्रष्टाचार को मिल रहा बढ़ावा : देवेंद्र

पोड़ैयाहाट प्रखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार, पेंशन योजनाओं की अनदेखी और मंईयां योजना में धांधली के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बाजार क्षेत्र से आक्रोश रैली निकालते हुए प्रखंड कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी देवेंद्रनाथ सिंह ने की. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार मुर्दाबाद, भ्रष्टाचार बंद करो, पेंशन देना होगा, वंशावली के नाम पर लूट बंद करो जैसे नारे लगाते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया. पूर्व प्रत्याशी देवेंद्रनाथ सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि पोड़ैयाहाट प्रखंड के गांव-गांव में रोजगार का अभाव है. वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. मंईयां योजना के तहत लाभ दिलाने का वादा कर सरकार सत्ता में आयी, लेकिन आज हजारों पात्र लोग इस योजना से वंचित हैं. उन्होंने आगे कहा कि प्रखंड कार्यालय विकास का केंद्र नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है. चाहे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना हो या मुख्यमंत्री आवास योजना-बिना रिश्वत दिये कोई कार्य नहीं हो रहा. वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में बालू माफियाओं का बोलबाला है, जिससे आम लोगों को निर्माण कार्य में भारी कठिनाई हो रही है. प्रदर्शन के दौरान जिला अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष सुशील टुडू, अर्जुन राय, सिमोन मरांडी और सुशील रुंज ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य में सुशासन के नाम पर कुशासन व्याप्त है और जनता त्राहिमाम कर रही है. प्रदर्शन के अंत में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें सभी मांगों को अविलंब पूरा करने की अपील की गयी. बीडीओ ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया. प्रदर्शन में भाजपा के तीनों मंडल अध्यक्षों के साथ-साथ महामंत्री मिथिलेश झा, हीरालाल यादव, बसंत राय, जनार्दन सिंह, राजेंद्र राम, संतोष भगत, सुरेश केवट, सूरज केवट, मुन्ना सिंह, ललन दास सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >