छठ पर्व पर चीर और गेरुआ नदी के घाटों पर दिखता आस्था का संगम

झारखंड और बिहार की सीमाओं को विभाजित करने वाली चीर और गेरूआ नदियां छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और एकता से मिट जाती हैं। गोड्डा जिले के व्रती और बिहार के बांका व भागलपुर के श्रद्धालु नदी के घाटों पर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं, जिससे सामाजिक समरसता झलकती है। गोड्डा के कई प्रखंडों से हजारों श्रद्धालु इस पर्व में भाग लेते हैं। छठ के दौरान गोड्डा से भागलपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है, क्योंकि श्रद्धालु गंगा स्नान और खरीदारी के लिए भागलपुर आते हैं। यह त्योहार बिना भेदभाव के खुलकर मनाया जाता है और क्षेत्र में धार्मिक उत्साह की झलक दिखाता है।

झारखंड और बिहार की सीमाओं को मिटा लोगों को जाेड़ रहीं नदियां प्रतिनिधि, गोड्डा. झारखंड और बिहार की सीमाओं को कई स्थानों पर नदियां विभाजित करती हैं. लेकिन छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था, निष्ठा और एकता इन सीमाओं को मिटा देती है. ऐसा दृश्य हर वर्ष गोड्डा जिले और बिहार के बांका व भागलपुर जिलों की सीमा पर देखने को मिलता है. चीर और गेरूआ नदी के पूर्वी हिस्से में गोड्डा जिले के व्रती, जबकि पश्चिमी हिस्से में बिहार के श्रद्धालु अस्ताचल और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं. तीसरे दिन जब व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हैं, तो सूर्य बिहार सीमा में डूबता दिखाई देता है. वहीं अंतिम दिन उदीयमान सूर्य का दर्शन झारखंड की सीमा से होता है. यह पर्व हर वर्ष सामाजिक समरसता और बिना किसी भेदभाव के मनाया जाता है. गोड्डा, बसंतराय और महागामा प्रखंडों से लगता है श्रद्धालुओं का जमावड़ा चीर और गेरूआ नदी को झारखंड और बिहार की विभाजन रेखा माना जाता है. नदी के पूर्वी भाग में गोड्डा सदर, बसंतराय और महागामा प्रखंड स्थित हैं, जबकि पश्चिमी छोर पर बांका और भागलपुर जिले हैं. गोड्डा सदर के खटनई, भारतीकिता, भारतीकिता डीह, बसंतराय के कोरियाना, मांझर, पचुआकिता, लोचनी, सनौर, चनाईचक, उर्रकुशिया, हिलावै सहित दो दर्जन गांवों से श्रद्धालु पहुंचते हैं. महागामा प्रखंड के विश्वासखानी, नरोत्तमपुर, डुमरिया, नारायणपुर, रामकोल, हनवारा और नरैनी गांवों के लोग भी शामिल होते हैं. नदी के घाटों पर श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर भगवान भास्कर को नमन करते हैं और सामूहिक जलार्पण करते हैं. छठ के दिन घाटों पर कई किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की कतारें देखी जा सकती हैं. ————————————————————————- गोड्डा-भागलपुर ट्रेन में बढ़ रही भीड़, गंगा स्नान और खरीदारी के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु गोड्डा. छठ पर्व के मद्देनजर गोड्डा से भागलपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में इन दिनों अप्रत्याशित भीड़ देखी जा रही है. मंगलवार से शुक्रवार तक गोड्डा रेलवे स्टेशन पर ऐसा दृश्य देखने को मिला, मानो पूरा शहर एक साथ स्टेशन पर उमड़ पड़ा हो. ट्रेन में बैठने की जगह नहीं थी. हर ओर जय छठी मइया के जयकारों से वातावरण गूंज रहा था. श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए भागलपुर के विभिन्न घाटों की ओर प्रस्थान कर रहे हैं. इसके साथ ही भागलपुर के बाजारों में फल और पूजन सामग्री की कीमतें अपेक्षाकृत कम होने के कारण व्रती वहां से खरीदारी भी कर रहे हैं. गोड्डा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इस धार्मिक यात्रा में शामिल हो रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >