महागामा : प्रखंड के हनवारा स्थित बड़ी पोखर के समीप लाखों रुपये की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र करीब पांच वर्षों से बंद पड़ा है. भवन तैयार होने के बावजूद अब तक केंद्र का संचालन शुरू नहीं हुआ है. इससे आसपास के बच्चों और ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है.
बंद भवन की सुरक्षा पर सवाल
ग्रामीणों के अनुसार भवन बने कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक इसका उपयोग शुरू नहीं हुआ. बड़ी पोखर के ठीक बगल में केंद्र का निर्माण होने से इसकी सुरक्षा और उपयोगिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. लंबे समय से बंद रहने के कारण रखरखाव के अभाव में भवन के खराब होने की आशंका बनी हुई है.
जांच और संचालन शुरू कराने की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर भवन तैयार कराया गया, लेकिन वर्षों बाद भी बच्चों और महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिल रहा है. ग्रामीणों ने जल्द आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन शुरू कराने और सरकारी भवन का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की है.
