पुलिस ने शुरू किया विशेष सामुदायिक संवाद अभियान

साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और नशामुक्ति पर किया गया जागरूक

झारखंड सरकार के निर्देशानुसार जिले में पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास एवं समन्वय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गोड्डा पुलिस द्वारा विशेष सामुदायिक सहभागिता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में 6 एवं 7 जून को सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के पहाड़पुर जागीर, चंदना और तिलाबाद गांवों में दो दिवसीय ग्राम सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह अभियान विशेष रूप से कमजोर आदिम जनजातीय समूह पहाड़िया समुदाय के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को जानने के उद्देश्य से चलाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत में ग्रामीणों में कुछ झिझक देखने को मिली, लेकिन बाद में उन्होंने पुलिस टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को खुलकर साझा किया. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव, डायल-112 आपातकालीन सेवा, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशामुक्ति, डायन प्रथा उन्मूलन तथा बाल विवाह निषेध कानून सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को कानून संबंधी जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से तत्काल संपर्क करने की सलाह दी. एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने ग्रामीणों को हरसंभव सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए अपना व्यक्तिगत संपर्क नंबर भी साझा किया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे सीधे संपर्क कर सकें. इस अवसर पर सदर अंचल निरीक्षक मधुसूदन मोदक, गोड्डा नगर थाना प्रभारी दिनेश महली तथा सुंदरपहाड़ी थाना प्रभारी विधान चंद्र पटेल सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने तथा दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक पुलिस की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ऐसे सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >