पोषण सखियों की बैठक में पोषण, शिक्षा और स्वच्छता पर हुई चर्चा

कुपोषण मुक्त समाज के लिए किया गया जागरूक

ठाकुरगंगटी प्रखंड मुख्यालय के सभागार कक्ष में गुरुवार को पोषण सखी बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता महिला पर्यवेक्षिका तृप्ति कुमारी एवं मंजू कुमारी ने की. इस दौरान क्षेत्र की सभी पोषण सखियों को उनके दायित्वों की पुनः जानकारी दी गयी और उन्हें कुपोषण उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से काम करने का आह्वान किया गया. बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि पोषण सखियों की कार्य में पुनः भागीदारी से क्षेत्र में पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं को मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि सबसे पहले पोषक क्षेत्रों में बच्चों का वजन मापकर उन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों में दाखिला दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए. साथ ही, बच्चों को मिलने वाले पोषण लाभ और स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में माता-पिता को जागरूक करने पर जोर दिया गया. यह बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की पहली पाठशाला होती है, जहां से उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास की नींव पड़ती है.

कुपोषित बच्चों की पहचान कर पहुंचायें एमटीसी केंद्र

बैठक में निर्देश दिये गये कि पोषण सखियों को गृह भ्रमण के दौरान कुपोषित बच्चों की पहचान करनी है और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर इलाज के लिए एमटीसी (माल्न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर) भेजना होगा, जहां सरकार की ओर से निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है. इसके अलावा, स्वच्छता और साफ-सफाई पर भी विशेष चर्चा हुई. कहा गया कि पोषण और स्वास्थ्य तभी संभव है जब समाज में स्वच्छता बनी रहे. स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है, यह संदेश लोगों तक पहुंचाना आवश्यक है. बैठक के अंत में अधिकारियों ने पोषण सखियों को आश्वस्त किया कि यदि उन्हें कार्य के दौरान कोई कठिनाई आती है, तो वे मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर सकती हैं. मौके पर दर्जनों पोषण सखियाँ उपस्थित रहीं, जिन्होंने इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >